“टिप्पणी: इस पेज पर नीचे भाषा बदलने का बटन मौजूद है। उस पर क्लिक करके आप इस आर्टिकल को अपनी पसंद की भाषा (20 भाषाओं) में पढ़ सकते हैं। |
Tip: The LanguageSwitcher button is available at the bottom of this page. Click on it to read this article in your preferred language (20 languages).”
1857 का गदर भारतीय इतिहास का वह मोड़ था जिसने अंग्रेजों की हुकूमत की नींव हिलाकर रख दी। 10 मई 1857 को मेरठ से शुरू हुआ यह असंतोष देखते ही देखते दिल्ली, कानपुर, लखनऊ, झाँसी और बरेली तक फैल गया। ईस्ट इंडिया कंपनी की गलत नीतियों की वजह से सिर्फ देश के सिपाही ही नहीं, बल्कि गाँव के किसान, स्थानीय राजा और आम लोग भी परेशान थे। यही गुस्सा धीरे-धीरे एक बड़े जन-आंदोलन में बदल गया।
इस लेख में हम 1857 की क्रांति के मुख्य कारणों, इसके बड़े केंद्रों, प्रमुख नायकों, पूरे घटनाक्रम, इसके नतीजों और परीक्षा के लिहाज से जरूरी MCQs को आसान भाषा में समझेंगे।

भूमिका (Introduction)
1857 की क्रांति भारतीय इतिहास की वह युगांतकारी घटना है, जिसने भारत में ब्रिटिश औपनिवेशिक सत्ता की नींव हिलाकर रख दी थी। यह केवल भारतीय सैनिकों का एक आकस्मिक असंतोष या सिपाही विद्रोह मात्र नहीं था, बल्कि पिछले एक शतक से चले आ रहे अंग्रेजों के शोषक शासन के विरुद्ध भारतीय समाज के विभिन्न वर्गों—किसानों, कारीगरों, जमींदारों, देशी राजाओं और सैनिकों—के संचित जन-आक्रोश का एक विराट एवं संगठित विस्फोट था।
1757 के प्लासी युद्ध के बाद से ईस्ट इंडिया कंपनी ने अपनी विस्तारवादी और शोषक नीतियों के माध्यम से भारत के सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक और धार्मिक ढांचे को छिन्न-भिन्न कर दिया था। राजनीतिक क्षेत्र में लॉर्ड डलहौजी की हड़प नीति (Doctrine of Lapse) और अवध का विलय, आर्थिक क्षेत्र में कृषि का अत्यधिक शोषण व हस्तशिल्प का विनाश, और सामाजिक-धार्मिक क्षेत्र में पाश्चात्य संस्कृति के अंधाधुंध थोपे जाने से आम जनता में गहरे असंतोष की भावना पनप रही थी।
इसी सुलगती हुई आग में 1856 में आई ‘न्यू एनफील्ड राइफल’ और उसके चर्बी वाले कारतूसों (गाय और सूअर की चर्बी) के प्रयोग ने चिंगारी का काम किया। 29 मार्च 1857 को बैरकपुर छावनी में मंगल पांडे विद्रोह और तत्पश्चात् 10 मई 1857 को मेरठ से उठी क्रांति की ज्वाला ने देखते ही देखते संपूर्ण उत्तर एवं मध्य भारत को अपनी लपटों में ले लिया।
यद्यपि सैन्य दृष्टि से अंग्रेजों ने कुछ समय बाद इस विद्रोह का दमन कर दिया, लेकिन इस महासंग्राम ने भारत के स्वतंत्रता आंदोलन की आधारशिला रखी और ब्रिटिश हुकूमत को यह अहसास करा दिया कि भारत पर शासन करने के उनके पुराने दिन अब समाप्त हो चुके हैं। इसके परिणामस्वरूप कंपनी का शासन समाप्त हुआ और भारत की बागडोर सीधे ब्रिटिश क्राउन के हाथों में चली गई।
Must Read It: Battle of Plassey 1757: East India Company vs Bengal Nawab
1857 की क्रांति के कारण

1. 1857 की क्रांति के राजनीतिक कारण (Political Causes)
1857 की क्रांति के पीछे ब्रिटिश साम्राज्य की विस्तारवादी और आक्रामक नीतियां सबसे प्रमुख थीं। लॉर्ड डलहौजी ने अपनी साम्राज्यवादी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए व्यपगत का सिद्धांत या हड़प नीति (Doctrine of Lapse) को लागू किया। इस नीति के तहत यदि किसी भारतीय शासक का कोई प्राकृतिक वारिस नहीं होता था, तो उसे दत्तक पुत्र (गोद लिया हुआ पुत्र) लेने का अधिकार छीन लिया जाता था। इसी नीति का शिकार बनाकर अंग्रेजों ने सतारा, जैतपुर और 1854 में झाँसी को ब्रिटिश साम्राज्य में मिला लिया। इसके अतिरिक्त, डलहौजी ने 1856 में कुशासन का आरोप लगाकर अवध को ब्रिटिश साम्राज्य में मिला लिया और वहाँ के नवाब को कलकत्ता निष्कासित कर दिया।
मुगल बादशाह बहादुरशाह जफर के साथ भी अपमानजनक व्यवहार किया गया और उन्हें अंतिम मुगल सम्राट घोषित कर दिया गया। इनाम कमीशन (Inam Commission) के तहत अंग्रेजों ने लगभग 35,000 जागीरों की जाँच की और उनमें से 20,000 जागीरों को जब्त कर लिया। पेशवा बाजीराव द्वितीय के दत्तक पुत्र नाना साहब की वार्षिक पेंशन बंद कर दी गई, तथा कर्नाटक, सूरत और तंजौर के राजाओं की राजकीय उपाधियों का अधिकार भी समाप्त कर दिया गया। इन सभी नीतियों ने भारतीय राजघरानों और जमींदारों में तीव्र असंतोष भर दिया।
2. 1857 की क्रांति के आर्थिक कारण और शोषक नीतियां (Economic Causes)
अंग्रेजों की आर्थिक नीतियों ने भारत के पारंपरिक आर्थिक ढांचे को पूरी तरह नष्ट कर दिया। अंग्रेजों ने अत्यधिक शोषक भू-राजस्व व्यवस्थाएं (जैसे जमींदारी, रैयतवाड़ी) लागू कीं, जिसके तहत अकाल पड़ने और फसल नष्ट होने पर भी किसानों से जबरन लगान वसूल किया जाता था। ब्रिटिश नीतियों के कारण भारतीय हस्तशिल्प, लघु एवं कुटीर उद्योग पूरी तरह से तबाह हो गए, जिससे बड़े किसान, आम किसान और शिल्पकार सभी पाई-पाई को मोहताज हो गए।
भारत की इस आर्थिक बर्बादी को आंकड़ों से समझा जा सकता है; 1750 में वैश्विक औद्योगिक उत्पादन (Global Manufacturing) में भारत का योगदान 27% था, जो 1800 में घटकर 24% और 1900 तक आते-आते मात्र 3% रह गया। दादाभाई नौरोजी ने ‘धन के निष्कासन का सिद्धांत‘ (Drain of Wealth Theory) प्रस्तुत करते हुए यह उजागर किया कि कैसे ब्रिटेन भारत से कच्चा माल सस्ते दामों पर ले जाता था और अपने यहाँ से तैयार माल लाकर भारतीय बाजारों में बेचकर भारत की धन-संपदा को बाहर ले जा रहा था।
Must Read It:Regulating Act 1773: Beginning of British Company Rule in India
3. 1857 की क्रांति के सामाजिक, धार्मिक और प्रशासनिक कारण (Social, Religious & Administrative Causes)
अंग्रेजों के सामाजिक और धार्मिक हस्तक्षेपों ने आम जनता के मन में यह डर पैदा कर दिया था कि ब्रिटिश सरकार उनका धर्म भ्रष्ट करना चाहती है। ‘Caste Disability Act’ (धार्मिक अयोग्यता अधिनियम) के माध्यम से कानून बनाया गया कि यदि कोई हिंदू व्यक्ति ईसाई धर्म स्वीकार कर लेता है, तो भी उसे उसके पिता की पैतृक संपत्ति से वंचित नहीं किया जाएगा। लॉर्ड विलियम बैंटिंग और लॉर्ड डलहौजी द्वारा हिंदू समाज में व्याप्त कुरीतियों (जैसे सती प्रथा, बाल विवाह) के खिलाफ कानून बनाए जाने से रूढ़िवादी वर्ग नाराज हो गया। यूरोपीय अधिकारी भारतीयों के साथ अत्यधिक नस्लीय भेदभाव करते थे और सार्वजनिक रूप से उन्हें ‘काले और सूअर’ कहकर अपमानित करते थे। इस नस्लीय व्यवहार पर बाल गंगाधर तिलक ने कहा था कि “कोई भी आत्म-सम्मान युक्त जाति इसे एक घण्टे के लिये भी बर्दाश्त नहीं करेगी।”
प्रशासनिक क्षेत्र में भी गहरा भेदभाव मौजूद था। उच्च सैन्य और प्रशासनिक पद केवल अंग्रेजों के लिए आरक्षित थे। भारतीय सैनिकों को पदोन्नति देकर अधिकतम सूबेदार का पद दिया जाता था और उनका मासिक वेतन मात्र ₹50 से ₹70 होता था, जबकि असैनिक (सिविल) सेवा में अमीन का वेतन ₹500 तक होता था।
4. 1857 की क्रांति के सैनिक कारण एवं तात्कालिक घटनाक्रम (Military Causes & Immediate Factor)
भारतीय सैनिकों में लंबे समय से असंतोष पनप रहा था। 1764 के बक्सर युद्ध के समय भी विद्रोही सिपाहियों को तोप के मुँह से बाँधकर उड़ा दिया गया था। 1806 में वेलोर में सेना का पहला धार्मिक विद्रोह हुआ, जब सैनिकों के माथे पर तिलक लगाने, दाढ़ी रखने और पगड़ी बाँधने पर रोक लगा दी गई तथा चमड़े के तुर्रे वाला हैट पहनना अनिवार्य किया गया। इसके अलावा, सैनिकों को समुद्र पार युद्ध के लिए भेजना अनिवार्य किया गया, जिसे तत्कालीन हिंदू समाज में धर्म के विरुद्ध माना जाता था। 1854 के डाकघर अधिनियम (Post Office Act) के तहत सैनिकों को मिलने वाली मुफ्त डाक सुविधा भी छीन ली गई।
इस सुलगती हुई आग में घी डालने का काम 1856 में ‘न्यू एनफील्ड राइफल‘ की शुरुआत ने किया। इस राइफल में पुरानी ‘ब्राउन बेस’ बंदूक की जगह नई तरह के कारतूसों का इस्तेमाल होता था। इन कारतूसों के ऊपरी सिरे को दाँतों से काटना पड़ता था, और यह खबर फैल गई कि इन कारतूसों को बनाने में गाय और सूअर की चर्बी का प्रयोग किया गया है। इससे हिंदू और मुस्लिम दोनों धर्मों के सैनिकों की धार्मिक भावनाएं भड़क उठीं और यही क्रांति का तात्कालिक कारण बना।
Must Read It: Battle of Buxar 1764: East India Company vs Mughal, Awadh & Bengal
5. 1857 की क्रांति का विस्फोट और प्रसार (Outbreak and Timeline of Revolt)

चर्बी वाले कारतूसों के विरोध की शुरुआत सर्वप्रथम दमदम और बहरामपुर (26 फरवरी 1857) की छावनियों में हुई, जहाँ सैनिकों ने इन कारतूसों के प्रयोग से मना कर दिया। 29 मार्च 1857 को बैरकपुर छावनी की 34वीं रेजीमेंट के सिपाही मंगल पांडे (निवासी: गाजीपुर, UP) ने खुलेआम बगावत कर दी। मंगल पांडे ने ब्रिटिश अधिकारी एडजुटेंट लेफ्टिनेंट बाग की हत्या कर दी और मेजर सार्जेंट ह्यूरसन को गोली मार दी। इसके परिणामस्वरूप 8 अप्रैल 1857 को मंगल पांडे को फाँसी दे दी गई।
इसके बाद मेरठ छावनी में 24 अप्रैल को 99 सैनिकों ने कारतूसों का प्रयोग करने से मना किया, जिनमें से 85 सैनिकों को 9 मई को कोर्ट-मार्शल करके 10 साल की सजा दी गई। अगले ही दिन, 10 मई 1857 को मेरठ की पूरी छावनी ने खुला विद्रोह कर दिया और वे दिल्ली की ओर प्रस्थान कर गए। 11 मई को दिल्ली पहुँचकर विद्रोहियों ने बहादुर शाह जफर को क्रांति का नेता घोषित किया और 12 मई को दिल्ली पर कब्जा कर लिया। इसके बाद जून की शुरुआत में यह विद्रोह तेजी से उत्तर भारत में फैल गया—4 जून को लखनऊ और झाँसी में तथा 5 जून को कानपुर में क्रांति की शुरुआत हुई।
6. 1857 की क्रांति के मुख्य केंद्र, नेतृत्वकर्ता और प्रमुख घटनाएं (Major Centers & Leadership)

1. दिल्ली (Delhi)
दिल्ली में वृद्ध मुगल सम्राट बहादुर शाह जफर को औपचारिक नेता बनाया गया, लेकिन वास्तविक सैन्य नेतृत्व उनके सेनापति बख्त खाँ ने संभाला। अंग्रेजों ने दिल्ली को वापस पाने के लिए भीषण घेराबंदी की, जिसमें अंग्रेज अधिकारी जॉन निकोलसन मारा गया। अंततः 20 सितंबर 1857 को अंग्रेजों ने दिल्ली पर पुनः कब्जा कर लिया। अंग्रेज अधिकारी हडसन ने लाल किले के सामने बहादुर शाह के बेटों व पोतों (मिर्जा मुगल, मिर्जा सुल्तान, अबू बक्र) की गोली मारकर हत्या कर दी। बहादुर शाह जफर को गिरफ्तार करके रंगून (बर्मा) निर्वासित कर दिया गया, जहाँ 1862 में उनकी मृत्यु हो गई। जफर ने अपनी मज़ार के लिए लिखा था कि “जफर इतना बदनसीब है कि उसे अपनी मातृ-भूमि में दफन होने के लिये दो गज जमीन भी नसीब नहीं हुई।” यहाँ मिर्जा गालिब ने अपनी आँखों देखा हाल लिखते हुए कहा था कि “यहाँ मेरे सामने रक्त का एक विशाल सागर है, केवल खुदा ही जानता है कि मुझे और क्या देखना बदा है।”
- भारतीय नेतृत्वकर्ता: बहादुर शाह ज़फ़र (द्वितीय) एवं सैन्य प्रमुख बख्त खान
- ब्रिटिश दमनकर्ता: जॉन निकलसन (विद्रोह में मारा गया), कैप्टन हडसन
- विशेष तथ्य (PYQ Points): 12 मई 1857 को दिल्ली पर अधिकार। हडसन ने हुमायूँ के मक़बरे से बहादुर शाह को पकड़ा और उनके पुत्रों (मिर्ज़ा मुग़ल, मिर्ज़ा ख़िज्र सुल्तान) को गोली मार दी। ज़फ़र को रंगून (म्यांमार) भेजा गया, जहाँ 1862 में मृत्यु हुई।
2. कानपुर एवं बिठूर (Kanpur)
कानपुर में विद्रोह की कमान पेशवा बाजीराव द्वितीय के दत्तक पुत्र नाना साहब (मूल नाम: धोंडूपन्त) और उनके वफादार सहयोगी तात्या टोपे (मूल नाम: रामचंद्र पांडुरंग) ने संभाली। 5 जून 1857 को अंग्रेजों को खदेड़कर नाना साहब को पेशवा घोषित किया गया। जून के अंत में अंग्रेज कमांडर व्हीलर के आत्मसमर्पण के बाद सती चौरा और बीबीगढ़ की दुखद घटनाएं घटीं। जुलाई में अंग्रेज अधिकारी मेजर हैवलाक और जनरल नील ने कानपुर पर कब्जा कर लिया, लेकिन 27 नवंबर 1857 को तात्या टोपे ने पुनः कानपुर पर अधिकार कर लिया। आखिरकार 6 दिसंबर 1857 को कॉलिन कैम्पबेल ने कानपुर का पूर्ण दमन कर दिया। तात्या टोपे वहाँ से भागकर झाँसी चले गए। बाद में ग्वालियर के सिंधिया (दिनकर राव) के धोखे के कारण 1859 में तात्या टोपे पकड़े गए और उन्हें ग्वालियर में फाँसी दे दी गई। तात्या टोपे की वीरता के कारण उन्हें ‘भारत का गैरीवाल्डी‘ भी कहा जाता है।
- भारतीय नेतृत्वकर्ता: नाना साहेब (धोंधू पंत), तात्या टोपे, अजीमुल्लाह खान
- ब्रिटिश दमनकर्ता: कॉलिन कैंपबेल
- विशेष तथ्य (PYQ Points): नाना साहेब पेशवा बाजीराव द्वितीय के दत्तक पुत्र थे। अजीमुल्लाह खान को ‘क्रांति का दूत’ कहा जाता है। सतीचौरा घाट घटना कानपुर से संबंधित है।
3. झाँसी और ग्वालियर (Jhansi & Gwalior)
झाँसी की रानी लक्ष्मीबाई (बचपन का नाम: मणिकर्णिका, मनु या छबीली) का विवाह राजा गंगाधर राव से हुआ था। राजा की मृत्यु के बाद डलहौजी ने उनके दत्तक पुत्र दामोदर राव को उत्तराधिकारी मानने से इनकार कर दिया था। 5 जून 1857 को रानी ने विद्रोह की घोषणा की। जब ब्रिटिश जनरल ह्यूरोज ने झाँसी को घेरा, तो रानी अद्भुत वीरता से लड़ते हुए तात्या टोपे के साथ ग्वालियर पहुँचीं और ग्वालियर के किले पर कब्जा कर लिया। 17 जून 1858 को ग्वालियर के पास लड़ते हुए रानी लक्ष्मीबाई वीरगति को प्राप्त हुईं। उनकी अदम्य वीरता से प्रभावित होकर ब्रिटिश कमांडर जनरल ह्यूरोज ने कहा था कि “भारतीय क्रान्तिकारियों में वह अकेली सोई हुई मर्द है।”
- भारतीय नेतृत्वकर्ता: रानी लक्ष्मीबाई (मूल नाम: मनु / मणिकर्णिका)
- ब्रिटिश दमनकर्ता: सर ह्यूरोज
- विशेष तथ्य (PYQ Points): रानी के पति गंगाधर राव थे। रानी 17 जून 1858 को कोटा-की-सराय (ग्वालियर) के पास वीरगति को प्राप्त हुईं। सर ह्यूरोज का कथन: “यहाँ सोई हुई महिला विद्रोहियों में अकेली मर्द है।”
4. ग्वालियर / कालपी
- भारतीय नेतृत्वकर्ता: तात्या टोपे (मूल नाम: रामचंद्र पांडुरंग)
- ब्रिटिश दमनकर्ता: कॉलिन कैंपबेल / सर ह्यूरोज
- विशेष तथ्य (PYQ Points): तात्या टोपे को उनके जमींदार मित्र मानसिंह के धोखे से पकड़ा गया और शिवपुरी में फांसी दी गई।
5. लखनऊ (Lucknow)
लखनऊ (अवध) में विद्रोह का नेतृत्व नवाब वाजिद अली शाह की बेगम हजरत महल ने किया। उन्होंने अपने अल्पवयस्क पुत्र बिरजिस कादिर को अवध का नवाब घोषित कर दिया। विद्रोहियों ने लखनऊ की रेजीडेंसी को घेर लिया, जिसमें ब्रिटिश रेजीडेंट हेनरी लॉरेंस मारा गया। 21 मार्च 1858 को कॉलिन कैम्पबेल ने लखनऊ पर नियंत्रण पुनः स्थापित किया, जिसके बाद बेगम हजरत महल नेपाल चली गईं।
- भारतीय नेतृत्वकर्ता: बेगम हज़रत महल (उर्फ महक परी), बिरजिस क़ादर
- ब्रिटिश दमनकर्ता: कॉलिन कैंपबेल
- विशेष तथ्य (PYQ Points): अपने अल्पवयस्क पुत्र बिरजिस क़ादर को नवाब घोषित किया। हेनरी लॉरेंस लखनऊ रेजीडेंसी की रक्षा करते हुए मारा गया। अंत में बेगम नेपाल चली गईं।
6. बिहार (Bihar – Jagdishpur)
बिहार में क्रांति की कमान जगदीशपुर (शाहबाद, पटना) के 80 वर्षीय वृद्ध जमींदार बाबू कुवँर सिंह ने संभाली, जिन्हें ‘बिहार का शेर‘ कहा जाता है। उन्होंने रोहतास, मिर्जापुर, रीवा, बाँदा और आजमगढ़ तक अपनी छापामार युद्ध नीति से अंग्रेजों को छकाया और ब्रिटिश सेनापति मिलमैन (Milman) और डंसमैन (Dunsman) की संयुक्त सेना को पराजित किया।
- भारतीय नेतृत्वकर्ता: कुंवर सिंह, अमर सिंह, हरकिशन सिंह
- ब्रिटिश दमनकर्ता: विलियम टेलर एवं विंसेंट आयर
- विशेष तथ्य (PYQ Points): 80 वर्ष की उम्र में नेतृत्व किया। ‘बिहार का सिंह’ कहा जाता है। अमर सिंह ने कैमूर की पहाड़ियों में समानांतर सरकार चलाई।
7. फैजाबाद (UP)
- भारतीय नेतृत्वकर्ता: मौलवी अहमदुल्लाह (उर्फ ‘डंका शाह’)
- ब्रिटिश दमनकर्ता: जनरल रेनार्ड / कॉलिन कैंपबेल
- विशेष तथ्य (PYQ Points): अंग्रेजों ने मौलवी अहमदुल्लाह पर ₹50,000 का इनाम रखा था। इन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ ‘जिहाद’ का नारा दिया था।
8. बरेली (रुहेलखंड)
- भारतीय नेतृत्वकर्ता: खान बहादुर खान
- ब्रिटिश दमनकर्ता: कॉलिन कैंपबेल
- विशेष तथ्य (PYQ Points): इन्होंने स्वयं को नवाब घोषित कर समानांतर सरकार चलाई।
9. इलाहाबाद व बनारस
- भारतीय नेतृत्वकर्ता: मौलवी लियाकत अली
- ब्रिटिश दमनकर्ता: कर्नल नील
- विशेष तथ्य (PYQ Points): कर्नल नील ने इस क्षेत्र में अत्यंत क्रूरता से विद्रोह को कुचला।
10. गोरखपुर (UP)
- भारतीय नेतृत्वकर्ता: गजाधर सिंह
- ब्रिटिश दमनकर्ता: ब्रिटिश सेना
- विशेष तथ्य (PYQ Points): स्थानीय किसानों और जमींदारों को संगठित किया।
11. मथुरा (UP)
- भारतीय नेतृत्वकर्ता: देवी सिंह एवं कदम सिंह
- ब्रिटिश दमनकर्ता: ब्रिटिश सेना
- विशेष तथ्य (PYQ Points): पश्चिमी UP के ग्रामीण क्षेत्रों में नेतृत्व किया।
12. मेरठ (UP)
- भारतीय नेतृत्वकर्ता: कदम सिंह
- ब्रिटिश दमनकर्ता: ब्रिटिश सेना
- विशेष तथ्य (PYQ Points): 10 मई के सैन्य विद्रोह के मुख्य नेता।
13. कुल्लू (HP)
- भारतीय नेतृत्वकर्ता: राजा प्रताप सिंह और वीर सिंह
- ब्रिटिश दमनकर्ता: ब्रिटिश सेना
- विशेष तथ्य (PYQ Points): हिमाचल प्रदेश में क्रांति का मुख्य केंद्र।
14. राजस्थान (कोटा)
- भारतीय नेतृत्वकर्ता: लाला जयदयाल एवं मेहराब खान
- ब्रिटिश दमनकर्ता: कैप्टन रॉबर्ट्स
- विशेष तथ्य (PYQ Points): कोटा में विद्रोहियों ने पॉलिटिकल एजेंट मेजर बर्टन का सिर काटकर पूरे शहर में घुमाया था।
- जयदयाल को अंग्रेजों ने तोप के मुँह से बाँधकर उड़ा दिया था
15. राजस्थान (आउवा)
- भारतीय नेतृत्वकर्ता: ठाकुर कुशाल सिंह
- ब्रिटिश दमनकर्ता: कैप्टन शोवर्स / रॉबर्ट्स
- विशेष तथ्य (PYQ Points): आउवा के ठाकुर ने बिथोड़ा के युद्ध में अंग्रेजों और जोधपुर के महाराजा की संयुक्त सेना को हराया। जोधपुर के पॉलिटिकल एजेंट मोंक मैसन का सिर आउवा के किले पर लटकाया गया।
- ठाकुर खुशाल सिंह तथा जयदयाल एवं हरदयाल
16. असम
- भारतीय नेतृत्वकर्ता: मनीराम दत्ता एवं कंदरपेश्वर सिंह
- ब्रिटिश दमनकर्ता: ब्रिटिश सेना
- विशेष तथ्य (PYQ Points): मनीराम दत्ता (असम के पहले चाय बागान मालिक) को अंग्रेजों ने फांसी दे दी।
17. ओडिशा
- भारतीय नेतृत्वकर्ता: सुरेंद्र साई और उज्जवल साई
- ब्रिटिश दमनकर्ता: ब्रिटिश सेना
- विशेष तथ्य (PYQ Points): संबलपुर के नेता जिन्होंने 1862 तक अंग्रेजों से संघर्ष जारी रखा।
18. मंदसौर
- भारतीय नेतृत्वकर्ता: शहजादा हुमायूं (उर्फ फ़िरोज़ शाह)
- ब्रिटिश दमनकर्ता: ब्रिटिश सेना
- विशेष तथ्य (PYQ Points): मालवा और मध्य भारत में मुगल राजकुमार के रूप में विद्रोह फैलाया।
19. फतेहपुर (UP)
- भारतीय नेतृत्वकर्ता: अजीमुल्लाह खान
- ब्रिटिश दमनकर्ता: जनरल रेनाड / कर्नल नील
- विशेष तथ्य (PYQ Points): अजीमुल्लाह खान नाना साहेब के सलाहकार और ‘क्रांति के दूत’ के रूप में प्रसिद्ध थे। उन्होंने फतेहपुर में विद्रोह का नेतृत्व किया था।
20. हमीरपुर (UP)
- भारतीय नेतृत्वकर्ता: तात्या टोपे एवं स्थानीय जमींदार
- ब्रिटिश दमनकर्ता: ब्रिटिश सेना
- विशेष तथ्य (PYQ Points): बुंदेलखंड क्षेत्र में अंग्रेजों के खिलाफ व्यापक जनाक्रोश संगठित किया गया।
21. बांदा (UP)
- भारतीय नेतृत्वकर्ता: नवाब अली बहादुर (द्वितीय)
- ब्रिटिश दमनकर्ता: जनरल व्हिटलॉक
- विशेष तथ्य (PYQ Points): नवाब ने रानी लक्ष्मीबाई और तात्या टोपे को सैन्य व वित्तीय सहायता प्रदान की थी।
22. बिजनौर (UP)
- भारतीय नेतृत्वकर्ता: मोहम्मद खान (नवाब)
- ब्रिटिश दमनकर्ता: ब्रिटिश सेना
- विशेष तथ्य (PYQ Points): बिजनौर में अल्पकालिक स्वतंत्र सरकार की स्थापना की गई थी।
23. फर्रुखाबाद (UP)
- भारतीय नेतृत्वकर्ता: नवाब तफज्जुल हुसैन खान
- ब्रिटिश दमनकर्ता: कॉलिन कैंपबेल
- विशेष तथ्य (PYQ Points): इन्होंने खुद को स्वतंत्र शासक घोषित कर ब्रिटिश नियंत्रण को चुनौती दी थी।
24. हरियाणा (रेवाड़ी)
- भारतीय नेतृत्वकर्ता: राव तुलाराम
- ब्रिटिश दमनकर्ता: ब्रिगेडियर शोवर्स
- विशेष तथ्य (PYQ Points): नसीबपुर के युद्ध में अंग्रेजों को कड़ी टक्कर दी; बाद में सहायता पाने हेतु काबुल (अफगानिस्तान) चले गए।
25. मंदसौर / इंदौर (मालवा)
- भारतीय नेतृत्वकर्ता: शहादत खान
- ब्रिटिश दमनकर्ता: कर्नल डूरंड
- विशेष तथ्य (PYQ Points): होलकर की सेना के सैनिकों को संगठित कर इंदौर रेजीडेंसी पर आक्रमण किया था।
लॉर्ड कैनिंग (तत्कालीन गवर्नर-जनरल) का ऐतिहासिक स्वीकारोक्ति:
“यदि सिंधिया भी इस विद्रोह में शामिल हो जाते, तो हमें कल ही भारत छोड़कर जाना पड़ता।”
(यह कथन इस बात को प्रमाणित करता है कि देशी रियासतों (जैसे ग्वालियर के सिंधिया) की अंग्रेजों के प्रति वफादारी ने ब्रिटिश शासन की रक्षा की थी।)
6. अछूते क्षेत्र, तटस्थ वर्ग एवं असफलता के कारण
प्रसिद्ध उर्दू शायर मिर्ज़ा ग़ालिब ने दिल्ली में अपनी आंखों से इस क्रांति का मंजर देखा था और कहा था कि “मेरे सामने रक्त का एक विशाल सागर है…”। भौगोलिक दृष्टि से पूरा दक्षिण भारत (मद्रास, बॉम्बे), पंजाब, राजस्थान के अधिकांश भाग, तथा पूर्वी भारत (बंगाल) इस क्रांति से लगभग अछूते और शांत रहे।
सामाजिक दृष्टि से शिक्षित मध्यम वर्ग ने अंग्रेजों का समर्थन किया या वे तटस्थ रहे, तथा साहूकार और व्यापारी वर्ग भी इससे दूर रहा। इसके अलावा देशी रियासतों के शासकों जैसे ग्वालियर के सिंधिया,द के सिख शासक तथा नेपाल के राणा ने खुले तौर पर अंग्रेजों की मदद की।
7. अंग्रेजों का साथ देने वाले वर्ग एवं क्रांति की असफलता के कारण (Supporters of British & Causes of Failure)
यह क्रांति पूरे भारत में एक साथ फैलने के बावजूद असफल रही। इसका एक मुख्य कारण भारतीय शासकों और उच्च वर्गों द्वारा अंग्रेजों का समर्थन करना था। ग्वालियर के सिंधिया (दिनकर राव), हैदराबाद के वजीर (सलार जंग), पंजाब के सरदार, जोधपुर के राजा, सिंध के जाट, जिंद के सिख और शिक्षित भारतीय मध्यम वर्ग ने इस विद्रोह से दूरी बनाए रखी या अंग्रेजों का खुलकर साथ दिया।
असफलता के मुख्य कारण निम्नलिखित थे:
- सीमित क्षेत्र: क्रांति का प्रभाव मुख्य रूप से उत्तर और मध्य भारत तक सीमित रहा; दक्षिण और पश्चिम भारत इससे लगभग अछूते रहे।
- केंद्रीय नेतृत्व और योजना का अभाव: विद्रोहियों के पास पूरे देश को एक सूत्र में पिरोने वाला कोई सुयोग्य केंद्रीय नेता या स्पष्ट भावी कार्यक्रम नहीं था।
- संसाधनों की कमी: भारतीय सैनिकों के पास पारंपरिक हथियार (तलवार, भाले) थे, जबकि अंग्रेजों के पास आधुनिक बंदूकें, तोपखाना और टेलीग्राम जैसी संचार प्रणाली थी।
- अनुभवी अंग्रेज सेनापति: अंग्रेजों के पास लॉरेंस, जॉन निकोलसन, कॉलिन कैम्पबेल और आउट्रम जैसे कुशल सैन्य रणनीतिकार थे।
8. 1857 की क्रांति के स्वरूप पर इतिहासकारों के मत (Historians’ Views)
1857 के विद्रोह की प्रकृति को लेकर अलग-अलग विचारकों और इतिहासकारों के भिन्न मत हैं:
1. साम्राज्यवादी दृष्टिकोण (विद्रोह को छोटा/सैनिक असंतोष मानने वाले)
जॉन लॉरेंस एवं सीले:
मेटकॉफ और पर्सिवल स्पीयर:
· विचार: इसे एक “पुनर्स्थापनावादी (Restorative) आंदोलन” कहते हैं (अर्थात पुरानी सामंती व्यवस्था को वापस लाने का प्रयास)।
2. भारतीय एवं राष्ट्रवादी दृष्टिकोण (स्वतंत्रता संग्राम मानने वाले)
वी. डी. सावरकर (विनायक दामोदर सावरकर):
- विचार: इसे “भारत का पहला सुनियोजित राष्ट्रीय स्वतंत्रता संग्राम” करार देते हैं।
अशोक मेहता:
- विचार: इसे एक “राष्ट्रीय स्वरूप वाला विद्रोह” मानते हैं (सैनिक विद्रोह से बढ़कर जन-विद्रोह)।
बेंजामिन डिजरेली (ब्रिटिश संसद सदस्य व नेता):
विचार: इसे केवल सैनिक विद्रोह न मानकर “राष्ट्रीय विद्रोह” स्वीकार करते हैं।
3. संतुलित एवं सरकारी इतिहासकार का दृष्टिकोण
एस. एन. सेन (सुरेंद्र नाथ सेन – भारत सरकार के आधिकारिक इतिहासकार):
- विचार: क्रांति के क्रमिक विकास (Evolution) को दर्शाते हैं।
- प्रसिद्ध कथन: “जो आंदोलन धर्म की रक्षा के रूप में शुरू हुआ था, वह अंततः स्वतंत्रता संग्राम के रूप में समाप्त हुआ।”
4. आलोचनात्मक दृष्टिकोण (अस्वीकार करने वाला मत)
आर. सी. मजूमदार (रमेश चंद्र मजूमदार):
- विचार: क्रांति के राष्ट्रीय और पहले होने के दावे को पूरी तरह से खारिज करते हैं।
- प्रसिद्ध कथन: “तथाकथित प्रथम राष्ट्रीय संग्राम न तो पहला था, न ही राष्ट्रीय था और न ही स्वतंत्रता संग्राम था।”
9. 1857 की क्रांति के दूरगामी परिणाम (Consequences of the Revolt)

1857 के विद्रोह के बाद भारत में ब्रिटिश शासन का ढांचा पूरी तरह बदल गया। 1 नवंबर 1858 को लॉर्ड कैनिंग ने इलाहाबाद के मिंटो पार्क में महारानी विक्टोरिया का ऐतिहासिक घोषणापत्र पढ़कर सुनाया।
1857 की क्रांति के परिणाम, पुनर्गठन एवं संवैधानिक बदलाव
1857 के विशाल विद्रोह का दमन करने के बाद ब्रिटिश हुकूमत ने भारत की प्रशासनिक और सैन्य व्यवस्था में व्यापक तथा संरचनात्मक बदलाव किए। इस ऐतिहासिक पुनर्गठन की औपचारिक शुरुआत 1 नवंबर 1858 को हुई, जब लॉर्ड कैनिंग ने इलाहाबाद के मिंटो पार्क में आयोजित एक विशेष दरबार में महारानी विक्टोरिया का प्रसिद्ध घोषणा-पत्र पढ़कर सुनाया।
कंपनी शासन का अंत और क्राउन का प्रत्यक्ष नियंत्रण
महारानी विक्टोरिया के इस घोषणा-पत्र के साथ ही भारत में लगभग एक शताब्दी से चले आ रहे ईस्ट इंडिया कंपनी के शासन का अंत हो गया। अब भारत की संपूर्ण शासन व्यवस्था की बागडोर सीधे ब्रिटिश क्राउन यानी ब्रिटिश सम्राट तथा संसद के प्रत्यक्ष नियंत्रण में चली गई।
वायसराय, भारत सचिव और भारत परिषद् का गठन
प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए गवर्नर-जनरल के पद का नाम बदलकर ‘वायसराय’ कर दिया गया, जो भारत में ब्रिटिश क्राउन का सीधा प्रतिनिधि था। इस नई व्यवस्था के तहत लॉर्ड कैनिंग भारत के अंतिम गवर्नर-जनरल और प्रथम वायसराय बने। इसके साथ ही इंग्लैंड में भारतीय मामलों की देखरेख के लिए ब्रिटिश मंत्रिमंडल के एक सदस्य को ‘भारत सचिव’ (Secretary of State for India) के रूप में नियुक्त किया गया, जिनकी प्रशासनिक सहायता और सलाह के लिए 15 सदस्यों वाली एक ‘भारत परिषद्’ (India Council) का गठन किया गया।
साम्राज्य विस्तार और हड़प नीति पर पूर्ण रोक
अंग्रेजों ने देशी रियासतों के प्रति भी अपनी नीति में बदलाव किया। लॉर्ड डलहौजी की आक्रामक हड़प नीति या व्यपगत के सिद्धांत को हमेशा के लिए समाप्त कर दिया गया। ब्रिटिश सरकार ने भारतीय राजाओं और नवाबों को यह भरोसा दिलाया कि भविष्य में किसी भी नए भारतीय राज्य को ब्रिटिश साम्राज्य में नहीं मिलाया जाएगा।
पील आयोग और सैन्य पुनर्गठन
सैनिक मोर्चे पर भविष्य में किसी भी संभावित विद्रोह की आशंका को समाप्त करने के लिए ‘पील आयोग’ (Peel Commission) का गठन किया गया। इस आयोग की सिफारिशों के आधार पर पूरी भारतीय सेना का पुनर्गठन किया गया
पील कमीशन (Peel Commission) की स्थापना 1857 की क्रांति के तुरंत बाद ब्रिटिश सरकार द्वारा भारतीय सेना के पुनर्गठन के सुझाव देने के लिए की गई थी।
- गठन (स्थापना): 15 जुलाई 1858
- अध्यक्ष: मेजर जनरल जोनाथन पील (Jonathan Peel)
परीक्षा उपयोगी मुख्य तथ्य (PYQ Points)
- उद्देश्य: 1857 के विद्रोह के बाद ब्रिटिश और भारतीय सैनिकों के अनुपात को तय करना तथा सेना में पुनरावृत्ति रोकने हेतु सिफारिशें देना।
- प्रमुख सिफारिशें:
1.’फूट डालो और राज करो‘ (Divide and Rule) की नीति: सेना में जाति, क्षेत्र और धर्म के आधार पर रेजिमेंटों का गठन किया गया ताकि सैनिकों में राष्ट्रीय चेतना न पनपे। अंग्रेजों ने सामाजिक विभाजन को गहरा करने के लिए सैनिकों को ‘लड़ाकू’ (Martial) और ‘गैर-लड़ाकू’ (Non-Martial) वर्गों में बाँट दिया। जिन समुदायों ने क्रांति में सक्रिय भाग लिया था, सेना में उनकी भर्ती घटा दी गई; जबकि विद्रोह से दूर रहने वाले या अंग्रेजों का साथ देने वाले सिख, गोरखा और पठान समुदायों से सैनिकों की भर्ती में भारी वृद्धि की गई।
2. सैनिक अनुपात में बदलाव: सेना में भारतीय और यूरोपीय सैनिकों का समग्र अनुपात 5:1 घटाकर 2:1 कर दिया गया। प्रांतीय स्तर पर
- बंगाल प्रेसीडेंसी: यूरोपीय (ब्रिटिश) और भारतीय सैनिकों का अनुपात 1:2 कर दिया गया।
- मद्रास और बंबई प्रेसीडेंसी: यह अनुपात 1:3 रखा गया।
3.महत्वपूर्ण पदों पर एकाधिकार: तोपखाना (Artillery), हथियार घर (Armory) और अन्य रणनीतिक सैन्य पद पूरी तरह से केवल यूरोपीय सैनिकों के नियंत्रण में रखे गए।
तोपखाने पर यूरोपीय नियंत्रण
सुरक्षा के दृष्टिकोण से तोपखाने (Artillery), गोला-बारूद और सभी प्रमुख संवेदनशील सैन्य उपकरणों का पूर्ण प्रभार केवल यूरोपीय सैनिकों के नियंत्रण में रखा गया।
व्यापक जन-भागीदारी का प्रभाव
ब्रिटिश सरकार द्वारा ये सभी कड़े और व्यापक फेरबदल वास्तव में इस क्रांति की विशालता को देखकर किए गए थे। इस विद्रोह में सबसे सघन और व्यापक जन-भागीदारी अवध क्षेत्र में देखी गई थी, जहाँ की लगभग 75% आबादी ने प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से ब्रिटिश शासन के खिलाफ संघर्ष किया था। इसी जन-आक्रोश से सीख लेते हुए अंग्रेजों ने भारत पर अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए ये सभी संवैधानिक और सैन्य बदलाव लागू किए।
10. 1857 की क्रांति से संबंधित प्रमुख पुस्तकें
- Rebellion 1857 – पूरन चंद जोशी (P.C. Joshi)
- The Indian War of Independence 1857 – विनायक दामोदर सावरकर (वी० डी० सावरकर)
- The Great Rebellion / Revolution – अशोक मेहता
- Asbaab-e-Bagawat-e-Hind – सर सैय्यद अहमद खाँ
- Eighteen Fifty-Seven (1857) – डॉ० एस० एन० सेन
- Sepoy Mutiny and the Revolt of 1857 – आर० सी० मजूमदार
- First War of Indian Independence – कार्ल मार्क्स और फ्रेडरिक एंगेल्स
- The Peasant and the Raj – एरिक स्टोक्स (Eric Stokes)
- Civil Rebellion in the Indian Mutinies 1857-1859 – एस० बी० चौधरी (S.B. Chaudhuri)
1857 की क्रांति के समय प्रमुख ब्रिटिश पद पर आसीन व्यक्ति:
- भारत का गवर्नर-जनरल / वायसराय: लॉर्ड कैनिंग
- ब्रिटेन की महारानी: महारानी विक्टोरिया
- ब्रिटेन के प्रधानमंत्री: विस्काउंट पार्मस्टन (Viscount Palmerston)
निष्कर्ष )Conclusion)
1857 का संग्राम भले ही संगठनात्मक कमजोरी, आधुनिक हथियारों के अभाव और सर्वमान्य नेतृत्व की कमी के कारण अपने तात्कालिक सैन्य लक्ष्य को प्राप्त न कर सका हो, लेकिन इसे केवल एक “विफल सिपाही विद्रोह” मान लेना इसके व्यापक ऐतिहासिक महत्व को नकारना होगा। यह भारतीय उपमहाद्वीप में ब्रिटिश औपनिवेशिक शोषण के खिलाफ पहला ऐसा सामूहिक और प्रचंड जन-आक्रोश था, जिसने ईस्ट इंडिया कंपनी के 100 साल पुराने प्रभुत्व की नींव हिला दी।
इस क्रांति का सबसे बड़ा प्रभाव प्रशासनिक और नीतिगत स्तर पर देखने को मिला। इसके परिणामस्वरूप 1858 में कंपनी का शासन समाप्त हुआ और भारत की कमान सीधे ब्रिटिश क्राउन के हाथों में आ गई। अंग्रेजों को अपनी नीतियों पर पुनर्विचार करने के लिए मजबूर होना पड़ा और सैन्य पुनर्गठन के साथ-साथ देशी रियासतों के प्रति उनकी नीति में भी बड़ा बदलाव आया।
संक्षेप में कहें तो, 1857 का यह महासंग्राम असफलता में भी अपनी सफलता छिपाए हुए था। इसने भारतीय समाज के विभिन्न वर्गों, धर्मों और क्षेत्रों को पहली बार एक साझा दुश्मन के खिलाफ खड़ा होने का अनुभव दिया। इस क्रांति ने भारतीय मानस में देशप्रेम और स्वाधीनता की जो चिंगारी सुलगाई, वही आगे चलकर 20वीं सदी के विशाल राष्ट्रीय आंदोलन और 1947 में भारत की पूर्ण स्वतंत्रता की सबसे मजबूत नींव साबित हुई।
Exam Corner
Key Points
- विद्रोह की नींव और तात्कालिक कारण: क्रांति का तात्कालिक कारण चर्बी वाले कारतूस थे, लेकिन इसकी योजना पहले से बिठूर (कानपुर) में अजीमुल्लाह खान और राणोजी बापू द्वारा तैयार की गई थी।
- पहला सैनिक आक्रोश: 29 मार्च 1857 को बैरकपुर में मंगल पांडे (34वीं एन.आई.) ने रेजिमेंटल अधिकारियों पर हमला किया, जिसके बाद उन्हें 8 अप्रैल 1857 को फांसी दी गई।
- प्रशासकीय प्रमुख: विद्रोह के समय लॉर्ड कैनिंग गवर्नर-जनरल था, लॉर्ड पामर्स्टन ब्रिटेन के प्रधानमंत्री थे, तथा महारानी विक्टोरिया ब्रिटेन की शासिका थीं।
- आपातकालीन कदम: लॉर्ड कैनिंग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इलाहाबाद (प्रयागराज) को आपातकालीन मुख्यालय बनाया।
- क्रांति के दमन के बाद का बदलाव: 1 नवंबर 1858 को इलाहाबाद के मिंटो पार्क में पढ़े गए महारानी के घोषणा-पत्र द्वारा कंपनी राज समाप्त हुआ और शासन सीधे ब्रिटिश क्राउन को स्थानांतरित किया गया।
पिछले वर्षों की परीक्षाओं (Previous Exams) में पूछे गए महत्वपूर्ण प्रश्न
- 1857 के विद्रोह का तात्कालिक कारण क्या था?
उत्तर: चर्बी वाले कारतूसों (गाय और सूअर की चर्बी से युक्त) का प्रयोग।
- 1857 की क्रांति की शुरुआत कब और कहाँ से हुई थी?
उत्तर: 10 मई 1857 को मेरठ छावनी से।
- 34वीं बंगाल नेटिव इन्फेंट्री के उस सिपाही का नाम बताइए जिसने बैरकपुर में क्रांति का बिगुल फूंका था?
उत्तर: मंगल पांडे (उन्हें 8 अप्रैल 1857 को फाँसी दी गई थी)।
- 1857 के विद्रोह के समय भारत का गवर्नर जनरल कौन था?
उत्तर: लॉर्ड कैनिंग।
- 1857 के संग्राम के समय ब्रिटेन का प्रधानमंत्री कौन था?
उत्तर: विस्काउंट पार्मस्टन (Viscount Palmerston)।
- 1857 की क्रांति को “भारत का प्रथम स्वतंत्रता संग्राम” किसने कहा था?
उत्तर: विनायक दामोदर सावरकर (वी० डी० सावरकर) ने।
- “तथाकथित प्रथम राष्ट्रीय स्वतंत्रता संग्राम न प्रथम, न राष्ट्रीय और न ही स्वतंत्रता संग्राम था”—यह प्रसिद्ध कथन किस इतिहासकार का है?
उत्तर: डॉ० आर० सी० मजूमदार का।
- बिहार में 1857 के विद्रोह का नेतृत्व किसने किया था और उन्हें किस नाम से जाना जाता था?
उत्तर: जगदीशपुर के जमींदार कुवँर सिंह ने (उन्हें ‘बिहार का शेर’ कहा जाता था)।
- रानी लक्ष्मीबाई की मृत्यु पर किस अंग्रेज अधिकारी ने कहा था कि “यहाँ सोई हुई महिला विद्रोहियों में अकेली मर्द है”?
उत्तर: जनरल ह्यूरोज (General Hugh Rose) ने।
- महारानी विक्टोरिया का घोषणापत्र 1 नवंबर 1858 को लॉर्ड कैनिंग ने कहाँ पढ़कर सुनाया था?
उत्तर: इलाहाबाद (प्रयागराज) के मिंटो पार्क में।
- 1857 के विद्रोह के बाद भारतीय सेना के पुनर्गठन के लिए किस आयोग का गठन किया गया था?
उत्तर: पील कमीशन (Peel Commission)।
- कानपुर में विद्रोह का दमन किस अंग्रेज सेनापति ने किया था तथा तात्या टोपे का वास्तविक नाम क्या था?
उत्तर: कॉलिन कैम्पबेल ने दमन किया; तात्या टोपे का वास्तविक नाम रामचंद्र पांडुरंग था।
MCQs
Q1. 1857 के संग्राम को ‘भारत का प्रथम स्वतंत्रता संग्राम’ किसने कहा था?
(a) आर. सी. मजूमदार (b) वी. डी. सावरकर (c) एस. एन. सेन (d) कार्ल मार्क्स
Q2. 1857 के विद्रोह के समय भारत का गवर्नर-जनरल कौन था?
(a) लॉर्ड डलहौजी (b) लॉर्ड कैनिंग (c) लॉर्ड कर्जन (d) लॉर्ड लिनलिथगो
Q3. महारानी विक्टोरिया का घोषणा-पत्र 1 नवंबर 1858 को लॉर्ड कैनिंग ने कहाँ पढ़कर सुनाया था?
(a) कलकत्ता (b) दिल्ली (c) इलाहाबाद (प्रयागराज) (d) लखनऊ
Q4. 1857 की क्रांति में ‘बिहार के सिंह’ कहे जाने वाले कुंवर सिंह का मुख्य केंद्र कौन-सा था?
(a) पटना (b) जगदीशपुर (c) मुंगेर (d) गया
Q5. 1857 के विद्रोह का आधिकारिक (सरकारी) इतिहासकार कौन था?
(a) आर. सी. मजूमदार (b) ताराचंद (c) वी. डी. सावरकर (d) डॉ. एस. एन. सेन
Q6. रानी लक्ष्मीबाई का अंतिम युद्ध में सामना किस अंग्रेज अधिकारी से हुआ था?
(a) कर्नल नील (b) सर ह्यूरोज (c) कॉलिन कैंपबेल (d) मेजर बर्टन
Note: — सर ह्यूरोज का कथन: “विद्रोहियों में सोई यह अकेली मर्द है”
Q7. 1857 की क्रांति में अंग्रेजों के खिलाफ ‘जिहाद’ का नारा किसने दिया था?
(a) मौलवी अहमदुल्लाह (b) मौलवी लियाकत अली (c) खान बहादुर खान (d) बेगम हज़रत महल
मौलवी अहमदुल्लाह (फैजाबाद से नेतृत्व; अंग्रेजों ने ₹50,000 का इनाम रखा था)
Q8. 1857 के विद्रोह के बाद भारतीय सेना के पुनर्गठन के लिए किस आयोग का गठन किया गया था?
(a) हंटर आयोग (b) साइमन कमीशन (c) पील कमीशन (d) पब्लिक सर्विस कमीशन
Q9. मंगल पांडे किस नेटिव इन्फैंट्री के सिपाही थे?
(a) 20वीं नेटिव इन्फैंट्री (b) 34वीं नेटिव इन्फैंट्री (c) 19वीं नेटिव इन्फैंट्री (d) 38वीं नेटिव इन्फैंट्री
Q10. 1857 के विद्रोह के दौरान अंग्रेजों ने अपना आपातकालीन मुख्यालय कहाँ बनाया था?
(a) आगरा (b) लखनऊ (c) कानपुर (d) इलाहाबाद (प्रयागराज)
Quick Revision
- 1857 क्रांति की औपचारिक तिथि एवं स्थान: 10 मई 1857, मेरठ (20वीं नेटिव इन्फैंट्री)
- विद्रोह का तय प्रतीक चिन्ह: कमल का फूल और रोटी (चपाती)
- विद्रोह के दौरान नियुक्त ब्रिटिश सेनापति: सर कॉलिन कैंपबेल
- ‘अस्बाब-ए-बगावत-ए-हिंद’ के लेखक: सर सैयद अहमद खान (1859)
- सरकारी / आधिकारिक इतिहासकार: डॉ. एस. एन. सेन (पुस्तक: ‘1857’)
- 1857 क्रांति के प्रत्यक्षदर्शी शायर: मिर्ज़ा ग़ालिब
- सेना पुनर्गठन के लिए गठित आयोग: पील आयोग (Peel Commission)
Useful For (किन-किन परीक्षाओं के लिए उपयोगी)
यह विस्तृत स्टडी नोट्स निम्नलिखित प्रतियोगी परीक्षाओं के इतिहास खण्ड (History Section) के लिए विशेष रूप से उपयोगी है:
- संघ एवं राज्य लोक सेवा आयोग: UPSC (CSE/CDS/NDA), UPPSC, BPSC, MPSC, RPSC, HPPSC
- शिक्षक भर्ती परीक्षाएं: UGC NET, Assistant Professor, TGT, PGT, LT Grade
- अन्य राज्यस्तरीय परीक्षाएं: UPSSSC (RO/ARO, VDO, PET), SSC (CGL, CHSL, CPO), Police SI & Constable
FAQs
प्रश्न 1: 1857 की क्रांति का प्रतीक चिन्ह क्या चुना गया था?
उत्तर: क्रांति का प्रचार करने और गुप्त संदेश फैलाने के लिए कमल का फूल और रोटी (चपाती) को प्रतीक चिन्ह के रूप में चुना गया था।
प्रश्न 2: 1857 के विद्रोह में तात्या टोपे का वास्तविक नाम क्या था?
उत्तर: तात्या टोपे का वास्तविक नाम रामचंद्र पांडुरंग था। इन्हें इनके ज़मींदार मित्र मानसिंह ने धोखे से अंग्रेजों के हवाले करवा दिया था।
प्रश्न 3: 1857 के विद्रोह के बाद सेना के पुनर्गठन हेतु किस आयोग का गठन किया गया था?
उत्तर: क्रांति के बाद सेना के पुनर्गठन और यूरोपीय व भारतीय सैनिकों का अनुपात संतुलित करने के लिए पील कमीशन (Peel Commission) का गठन किया गया था।
प्रश्न 4: 1857 की क्रांति पर भारतीय भाषा में लिखी गई पहली पुस्तक कौन-सी थी?
उत्तर: सर सैयद अहमद खान द्वारा वर्ष 1859 में लिखी गई ‘अस्बाब-ए-बगावत-ए-हिंद’ (उर्दू में) 1857 की क्रांति पर किसी भारतीय द्वारा लिखी गई पहली पुस्तक थी।
प्रश्न 5: महारानी विक्टोरिया का घोषणा-पत्र कब और कहाँ पढ़ा गया था?
उत्तर: महारानी विक्टोरिया का घोषणा-पत्र 1 नवंबर 1858 को लॉर्ड कैनिंग द्वारा इलाहाबाद (प्रयागराज) के मिंटो पार्क में पढ़ा गया था, जिसके तहत ईस्ट इंडिया कंपनी का शासन समाप्त होकर शासन सीधे ब्रिटिश क्राउन के अधीन आ गया।
Suggested Reading / References
- डॉ. एस. एन. सेन, Eighteen Fifty Seven, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (प्रकाशन विभाग), नई दिल्ली, 1957.
- विनायक दामोदर सावरकर, The Indian War of Independence 1857, राजपाल एंड संस, नई दिल्ली, 1909.
- बी. एल. ग्रोवर एवं अलका मेहता, आधुनिक भारत का इतिहास: एक नवीन मूल्यांकन, एस. चंद पब्लिशिंग, नई दिल्ली, 2018.
- विपिन चंद्र, भारत का स्वतंत्रता संघर्ष, ओरिएंट ब्लैकस्वैन / हिंदी माध्यम कार्यान्वयन निदेशालय, दिल्ली विश्वविद्यालय, नई दिल्ली, 1989.
- एनसीईआरटी (NCERT), आधुनिक भारत का इतिहास (कक्षा 12वीं), राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद, नई दिल्ली, 2020.
अंत में
अगर यह लेख पसंद आया हो तो इसे अपने मित्रों के साथ साझा करें। M.A. History एवं UGC NET के नवीनतम नोट्स पढ़ने के लिए www.Itihashunt123.com नियमित रूप से विजिट करें।
