विजयनगर साम्राज्य का इतिहास मध्यकालीन दक्षिण भारत की राजनीति, संस्कृति और स्थापत्य कला का एक अत्यंत गौरवशाली अध्याय है। इस लेख में हम 1336 ई. में साम्राज्य की स्थापना से लेकर इसके चारों प्रमुख राजवंशों—संगम, सालुव, तुलुव और अराविडु—तथा महान शासक कृष्णदेवराय, विदेशी यात्रियों के विवरण और 1565 ई. के तालीकोटा युद्ध का क्रमबद्ध अध्ययन करेंगे। यह सामग्री UPSC,UGC NET,असिस्टेंट प्रोफेसर,स्टेट PCS (UPPSC,BPSC आदि), TGT-PGT और SSC जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।

विजयनगर साम्राज्य की नींव (1336 ई.) एवं ऐतिहासिक पृष्ठभूमि
मध्यकालीन दक्षिण भारत के इतिहास में विजयनगर साम्राज्य का खड़ा होना कोई मामूली बात नहीं थी। 14वीं सदी के शुरुआती दौर में दक्षिण भारत के हालात बहुत तेजी से करवट ले रहे थे। उत्तर से हो रहे दिल्ली सल्तनत के लगातार हमलों ने यहाँ के पुराने और ताकतवर राजवंशों—जैसे काकतीय, होयसल और पाण्ड्य—की कमर तोड़ दी थी। 1323 ई. तक आते-आते मुहम्मद बिन तुगलक की सेना ने काकतीय राजवंश की राजधानी वारंगल पर भी कब्जा कर लिया। दिल्ली के सुल्तानों ने दक्षिण के बड़े हिस्से पर अपना राज जमाने की पूरी कोशिश की, लेकिन यहाँ के स्थानीय राजा और सरदार चुप बैठने वाले नहीं थे। उनके लगातार विरोध की वजह से पूरे इलाके में हर तरफ अस्थिरता और उथल-पुथल मची हुई थी।
इसी उथल-पुथल भरे माहौल के बीच साल 1336 ई. में दो भाइयों—हरिहर प्रथम और बुक्का प्रथम—ने एक नए साम्राज्य की नींव रखी, जिसे इतिहास में विजयनगर के नाम से जाना गया। उन्होंने तुंगभद्रा नदी के दक्षिणी किनारे पर ‘विजयनगर’ नाम से अपनी राजधानी बसाई। जिसका प्रारंभिक नाम ‘विद्यानगर’ भी मिलता है और जो होयसल शासक वीर बल्लाल तृतीय के राज्य क्षेत्र के निकट स्थित था। आज भी जब आप कर्नाटक के हम्पी जाते हैं, तो वहाँ फैले भव्य खंडहर उस दौर की कहानी बयां करते हैं। हम्पी के स्मारकों को वर्ष 1986 में यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल घोषित किया गया है।
हरिहर और बुक्का साम्राज्य खड़ा करने से पहले क्या करते थे, इस बात पर इतिहासकार एकमत नहीं हैं। एक पुरानी मान्यता यह है कि ये दोनों भाई पहले काकतीय राजा प्रतापरुद्र द्वितीय के यहाँ नौकरी करते थे और बाद में काम्पिली राज्य की सेवा में भी रहे। बाद में जब वारंगल पर हमला हुआ, तो वे मुहम्मद बिन तुगलक के हाथ लग गए और उन्हें बंदी बनाकर दिल्ली ले जाया गया। लेकिन किस्मत ने करवट ली और जब वे वापस दक्षिण भारत लौटे,तो उन्होंने किसी की गुलामी करने के बजाय अपना खुद का स्वतंत्र राज्य खड़ा कर लिया। इस पूरी कहानी में संत विद्यारण्य तथा प्रसिद्ध वेद भाष्यकार सायण का नाम भी बड़े सम्मान से लिया जाता है। लोगों का मानना है कि उन्हीं की सीख और प्रेरणा से दोनों भाइयों में इतना बड़ा साम्राज्य खड़ा करने का हौसला आया। हालांकि, आज के इतिहासकार इस किस्से की हर बात को सौ फीसदी सच मानने से थोड़ा हिचकते हैं।
एक बात और समझने वाली है कि विजयनगर साम्राज्य सिर्फ धर्म की रक्षा के लिए नहीं बना था। इसके पीछे ठोस जमीनी और राजनीतिक वजहें भी थीं। उस वक्त दक्षिण भारत को एक ऐसे मजबूत शासन की जरूरत थी जो बिखरे हुए इलाकों को फिर से जोड़ सके और अस्थिरता खत्म कर सके। इसके साथ ही,तुंगभद्रा और कृष्णा नदियों के बीच का इलाका जिसे इतिहास में ‘रायचूर दोआब’ कहा जाता है, खेती और व्यापार के लिहाज से सोने की खान जैसा उपजाऊ था। उस अहम इलाके पर पकड़ बनाना भी इस नए साम्राज्य के उभरने की एक बड़ी वजह थी।

विजयनगर साम्राज्य के चार प्रमुख राजवंश (1336–1650 ई.)
विजयनगर साम्राज्य पर क्रमशः चार राजवंशों ने शासन किया। इनके नाम संगम (1336–1485 ई.), सालुव (1485–1505 ई.), तुलुव (1505–1570 ई.) और अराविडु (1570–1650 ई.) थे। यहाँ यह भी ध्यान रखना जरूरी है कि संगम वंश का नाम हरिहर और बुक्का के पिता ‘संगम‘ के नाम पर पड़ा था। प्रारंभिक तीन राजवंशों के परिवर्तन के पीछे मुख्य रूप से राजपरिवार के भीतर संघर्ष और सैनिक अधिकारियों की बढ़ती शक्ति उत्तरदायी थी।
1. संगम वंश (1336–1485 ई.): स्थापना और प्रारंभिक विस्तार
संगम वंश विजयनगर का प्रथम राजवंश था। हरिहर प्रथम और बुक्का प्रथम ने इसकी राजनीतिक नींव रखी। इस वंश के शासनकाल में विजयनगर एक छोटे क्षेत्रीय राज्य से बढ़कर दक्षिण भारत की प्रमुख शक्ति बन गया।
हरिहर प्रथम (1336–1356 ई.) को विजयनगर साम्राज्य का प्रथम शासक माना जाता है। उसने तुंगभद्रा क्षेत्र में अपनी स्थिति मजबूत की और होयसल राज्य के कमजोर होते क्षेत्रों पर अधिकार बढ़ाया। प्रारंभिक राजधानी अनेगोंडी के आसपास रही,लेकिन बाद में विजयनगर प्रमुख राजनीतिक केंद्र बन गया।
हरिहर के बाद उसका भाई बुक्का प्रथम (1356–1377 ई.) शासक बना। जिसने ‘वेदमार्ग प्रतिष्ठापक’ की उपाधि धारण की और चीन के मिंग सम्राट के दरबार में अपना दूत मंडल भी भेजा था। उसने साम्राज्य का विस्तार किया और दक्षिण भारत के अनेक क्षेत्रों में विजयनगर की सत्ता स्थापित की। उसके शासनकाल में बहमनी सल्तनत के साथ संघर्ष शुरू हुआ। 1347 ई. में स्थापित बहमनी राज्य और विजयनगर के बीच रायचूर दोआब को लेकर लंबे समय तक संघर्ष चलता रहा और इसी संघर्ष के दौरान बुक्का प्रथम के समय पहली बार तोपखाने का प्रयोग देखने को मिलता है। कृष्णा और तुंगभद्रा नदियों के बीच स्थित यह उपजाऊ क्षेत्र दोनों राज्यों के लिए सामरिक तथा आर्थिक दृष्टि से महत्त्वपूर्ण था।
बुक्का प्रथम के पुत्र कुमार कम्पण ने मदुरै सल्तनत के विरुद्ध सैनिक अभियान चलाया और 1377 ई. के आसपास मदुरै को विजयनगर साम्राज्य में मिला लिया। इस अभियान का वर्णन उसकी पत्नी गंगादेवी ने संस्कृत काव्य ‘मधुराविजयम्’ में किया है। यह ग्रंथ विजयनगर के प्रारंभिक इतिहास का महत्त्वपूर्ण साहित्यिक स्रोत है।
बुक्का प्रथम के बाद हरिहर द्वितीय (1377–1404 ई.) ने शासन किया । ये विजयनगर साम्राज्य के पहले शासक थे जिन्होंने ‘महाराजाधिराज’ और ‘राजपरमेश्वर’ जैसी उपाधियाँ धारण कीं। उनके समय में साम्राज्य का प्रभाव पश्चिमी तट के व्यापारिक क्षेत्रों तथा दक्षिण भारत के अन्य भागों तक बढ़ा। गोवा और कोंकण क्षेत्र में विजयनगर की राजनीतिक गतिविधियाँ भी उल्लेखनीय रहीं।
हरिहर द्वितीय के बाद कुछ समय तक उत्तराधिकार संबंधी संघर्ष चलता रहा। इसके पश्चात देवराय प्रथम (1406–1422 ई.) ने शासन संभाला। उसके शासनकाल की सबसे उल्लेखनीय उपलब्धि सिंचाई व्यवस्था का विकास था। उसने तुंगभद्रा नदी पर बाँध बनवाया तथा राजधानी तक पानी पहुँचाने के लिए नहर और जलमार्ग का निर्माण करवाया। इसके अलावा उसने हरिद्रा नदी पर भी एक बाँध का निर्माण करवाया था।(परीक्षा विशेष: तुंगभद्रा नदी पर बाँध तथा राजधानी तक नहर का निर्माण किस शासक ने करवाया था?—देवराय प्रथम।)
इतालवी यात्री निकोलो कोंटी 1420 ई. में देवराय प्रथम के शासनकाल में विजयनगर की यात्रा की थी। उसके विवरण से तत्कालीन नगर और सामाजिक जीवन की जानकारी मिलती है। देवराय प्रथम के दरबार में प्रसिद्ध तेलुगु कवि श्रीनाथ भी रहते थे, जिन्होंने ‘हरविलासम्’ की रचना की।
संगम वंश का सबसे प्रसिद्ध शासक देवराय द्वितीय (1424–1446 ई.) था। जिसे प्रजा ‘इम्माडि देवराय’ तथा अभिलेखों में ‘गजबेटकर’ अर्थात् हाथियों का शिकारी कहती थी। उसके शासनकाल में विजयनगर साम्राज्य ने राजनीतिक और सैनिक शक्ति के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की। उसने सेना को मजबूत बनाने के लिए मुस्लिम सैनिकों और कुशल घुड़सवारों को भी नियुक्त किया। उन्हें जागीरें दीं और राजधानी में एक मस्जिद का निर्माण भी करवाया। घुड़सवार सेना तथा धनुर्विद्या पर विशेष ध्यान दिया गया।
फारस का राजदूत अब्दुर रज्जाक 1443 ई. में देवराय द्वितीय के शासनकाल में विजयनगर आया था। वह खुरासान के तैमूरवंशी शासक शाहरुख का दूत बनकर आया था। उसने नगर की विशालता,राजकीय वैभव,बाजारों और समृद्धि का वर्णन किया। उसके विवरण से पता चलता है कि उस समय विजयनगर दक्षिण भारत के सबसे समृद्ध नगरों में गिना जाता था।
देवराय द्वितीय की मृत्यु के बाद संगम वंश में योग्य शासकों का अभाव दिखाई देने लगा। मल्लिकार्जुन और विरूपाक्ष द्वितीय जैसे कमजोर शासकों के समय शासन अव्यवस्थित हो गया। उत्तराधिकार संघर्ष, प्रांतीय अधिकारियों की बढ़ती स्वतंत्रता और प्रशासनिक कमजोरी के कारण केंद्रीय सत्ता कमजोर होती गई। अंततः 1485 ई. में चंद्रगिरि के शक्तिशाली प्रांतीय सूबेदार (नायक) सालुव नरसिंह ने अयोग्य शासक विरूपाक्ष द्वितीय के पुत्र को हटाकर सत्ता अपने हाथ में ले ली, जिसे इतिहास में ‘प्रथम बलापहार’ के नाम से जाना जाता है।
यह भी पढ़ें: विजयनगर साम्राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था, समाज एवं अर्थव्यवस्था का विश्लेषण
2. सालुव वंश (1485–1505 ई.): सत्ता परिवर्तन का दौर
संगम वंश के अंतिम शासकों की कमजोरी का लाभ उठाकर सालुव नरसिंह ने 1485 ई. में सत्ता प्राप्त की। उसने साम्राज्य को आंतरिक अव्यवस्था से निकालने और केंद्रीय शासन को मजबूत करने का प्रयास किया। इसी के साथ विजयनगर में सालुव वंश का शासन आरंभ हुआ।
सालुव नरसिंह की मृत्यु के बाद उसके उत्तराधिकारी तिम्मा भूपाल और इम्माडि नरसिंह अल्पवयस्क थे। ऐसी स्थिति में उसके सेनापति नरसा नायक ने शासन की वास्तविक शक्ति अपने हाथों में रखी। नरसा नायक की मृत्यु के बाद उसका पुत्र वीर नरसिंह प्रभावशाली हुआ। 1505 ई. में वीर नरसिंह ने इम्माडि नरसिंह की हत्या करके सत्ता प्राप्त करके तुलुव वंश की स्थापना की। जिसे ‘द्वितीय बलापहार’ कहा जाता है।
3. तुलुव वंश (1505–1570 ई.): विजयनगर का स्वर्णकाल
विजयनगर साम्राज्य के इतिहास में तुलुव वंश का विशेष महत्त्व है। इस वंश के शासनकाल में साम्राज्य ने राजनीतिक,सैनिक,आर्थिक और सांस्कृतिक उन्नति की। तुलुव वंश का संस्थापक वीर नरसिंह था, लेकिन इस वंश का सबसे प्रसिद्ध शासक कृष्णदेवराय हुआ।
वीर नरसिंह (1505–1509 ई.) ने तुलुव वंश की स्थापना की। उसने विवाह कर को समाप्त करने की दिशा में भी कदम उठाया। उसने साम्राज्य की आंतरिक स्थिति सुधारने और अपने विरोधियों को नियंत्रित करने का प्रयास किया। उसकी मृत्यु के बाद 1509 ई. में उसका भाई कृष्णदेवराय शासक बना।
कृष्णदेवराय (1509–1529 ई.): विजयनगर के महानतम शासक

कृष्णदेवराय विजयनगर साम्राज्य का सर्वाधिक प्रसिद्ध शासक था। मुगल सम्राट बाबर ने अपनी आत्मकथा ‘बाबरनामा’ में कृष्णदेवराय को तत्कालीन भारत का सबसे शक्तिशाली शासक बताया है। उसके शासनकाल को साम्राज्य का स्वर्णकाल माना जाता है। उसने अपनी सैनिक योग्यता,कुशल प्रशासन और साहित्यिक अभिरुचि से विजयनगर को दक्षिण भारत की सबसे शक्तिशाली राजनीतिक सत्ता बना दिया। उसने ‘आंध्र भोज’,’अभिनव भोज’और‘यवनराज स्थापनाचार्य’ जैसी प्रसिद्ध उपाधियाँ धारण कीं।
सिंहासन पर बैठने के बाद कृष्णदेवराय को बीजापुर,गोलकुंडा और ओडिशा के गजपति शासकों से संघर्ष करना पड़ा। उसने सैनिक अभियानों के माध्यम से साम्राज्य की सीमाओं का विस्तार किया। उदयगिरि और कोंडाविडु पर अधिकार तथा गजपति शासकों (प्रतापरुद्र देव) के विरुद्ध विजय उसकी प्रमुख उपलब्धियों में थीं।
1520 ई. में रायचूर के युद्ध में उसने बीजापुर के सुल्तान इस्माइल आदिलशाह को पराजित किया। इस विजय से रायचूर दोआब पर विजयनगर का अधिकार स्थापित हुआ। (परीक्षा विशेष: रायचूर का युद्ध 1520 ई. में किनके बीच हुआ था?—कृष्णदेवराय और बीजापुर के सुल्तान इस्माइल आदिलशाह के बीच।)
पुर्तगालियों के साथ कृष्णदेवराय के संबंध भी महत्त्वपूर्ण थे। पुर्तगाली गवर्नर अल्फांसो डी अल्बुकर्क ने अपने दूत फादर लुई को कृष्णदेवराय के दरबार में भेजा था। उस समय पुर्तगाली पश्चिमी तट के व्यापार पर अपना प्रभाव बढ़ा रहे थे। विजयनगर को अच्छी नस्ल के अरबी और फारसी घोड़ों की आवश्यकता थी, इसलिए पुर्तगालियों के साथ घोड़ों तथा अन्य व्यापारिक वस्तुओं का आदान-प्रदान होता था। 1510 ई. में गोवा पर पुर्तगाली अधिकार के बाद कृष्णदेवराय ने ही पुर्तगालियों को भटकल में किला बनाने की अनुमति दी थी।
कृष्णदेवराय केवल विजेता ही नहीं,बल्कि साहित्य और कला का संरक्षक भी था। उसके शासनकाल को ‘तेलुगु साहित्य का क्लासिकी युग’ कहा जाता है। उसने तेलुगु भाषा में ‘आमुक्तमाल्यदा’ नामक प्रसिद्ध ग्रंथ की रचना की। इसके अतिरिक्त उसने संस्कृत में ‘जाम्बवती कल्याणम्’और ‘उषापरिणय’नाटकों की भी रचना की। इस ग्रंथ में शासन व्यवस्था,राजधर्म और राजा के कर्तव्यों से संबंधित विचार मिलते हैं। उसके दरबार में आठ प्रसिद्ध तेलुगु कवि थे,जिन्हें अष्टदिग्गज कहा जाता है। अष्टदिग्गजों में अल्लसानी पेद्दन (मनुचरितम्), नंदी तिम्मन (पारिजातापहरणम्), धूर्जटि (कालहस्ती माहात्म्यम्), मादय्यगारि मल्लन (राजशेखर चरितम्), अय्यलराजु रामभद्रुडु (रामाभ्युदयम्), पिंगली सूरन (कलापूर्णोदयम्), रामराज भूषणुडु (वसुचरितम्) और तेनाली रामकृष्ण (पांडुरंग माहात्म्यम्) जैसे प्रसिद्ध तेलुगु कवि शामिल थे। इनमें अल्लसानी पेद्दन विशेष रूप से प्रसिद्ध थे, जिन्हें ‘आंध्र कविता का पितामह’ कहा जाता है और जिन्होंने ‘मनुचरितम्’ की रचना की।
उसके दरबार में तेलुगु साहित्य के साथ संस्कृत और अन्य दक्षिण भारतीय भाषाओं को भी प्रोत्साहन मिला। कृष्णदेवराय ने मंदिरों और धार्मिक संस्थाओं को दान दिया तथा स्थापत्य कला के विकास में योगदान किया। उसने अपनी माता नागलादेवी की स्मृति में ‘नागलपुर’ नामक नया नगर बसाया तथा हजारा मंदिर और विट्ठलस्वामी मंदिर का निर्माण एवं विस्तार करवाया।
डोमिंगो पायस नामक पुर्तगाली यात्री तथा दुआर्ते बारबोसा ने कृष्णदेवराय के शासनकाल में विजयनगर की यात्रा की थी। उसने राजधानी के विशाल भवनों,बाजारों,सैनिक शक्ति और राजकीय समारोहों का वर्णन किया है। उसके विवरण से विजयनगर की आर्थिक समृद्धि का पता चलता है।
कृष्णदेवराय की प्रशासनिक व्यवस्था में भूमि राजस्व का विशेष महत्त्व था। भूमि की उर्वरता और उत्पादन क्षमता को ध्यान में रखकर कर निर्धारित किया जाता था। कार्यशालाओं और विभिन्न व्यवसायों पर भी कर लगाए जाते थे। जनता को राहत देने के लिए उसने विवाह कर को समाप्त कर दिया था।
अच्युतदेवराय (1529–1542 ई.)
कृष्णदेवराय की मृत्यु के बाद उसका भाई अच्युतदेवराय शासक बना। जिसके शासनकाल में पुर्तगाली यात्री फर्नाओ नूनीज विजयनगर आया था और उसने ‘महामण्डलेश्वर’ नामक नए अधिकारी की नियुक्ति की थी। अच्युतदेवराय के शासनकाल में साम्राज्य की आंतरिक स्थिति पहले जैसी मजबूत नहीं रही। दरबार में विभिन्न गुटों के बीच संघर्ष बढ़ा और प्रांतीय अधिकारियों का प्रभाव भी बढ़ने लगा। फिर भी उसने साम्राज्य की एकता बनाए रखने का प्रयास किया।
सदाशिव राय (1542–1570 ई.)
अच्युतदेवराय के बाद सदाशिव राय शासक बना। हालांकि वह नाममात्र का शासक था और वास्तविक राजनीतिक शक्ति उसके मंत्री राम राय के हाथों में केंद्रित थी। राम राय ने दक्कन की सल्तनतों के बीच चलने वाले संघर्षों में हस्तक्षेप किया और कभी एक तो कभी दूसरी सल्तनत का साथ देकर विजयनगर का प्रभाव बनाए रखने की नीति अपनाई। लेकिन इस नीति के परिणामस्वरूप बीजापुर, अहमदनगर, गोलकुंडा और बीदर की सल्तनतें विजयनगर के विरुद्ध एकजुट हो गईं। इस महासंघ में केवल बरार शामिल नहीं हुआ था।
तालीकोटा (राक्षसी-तंगड़ी) का युद्ध (1565 ई.)

23 जनवरी 1565 ई. में विजयनगर और दक्कन की संयुक्त सल्तनती सेनाओं के बीच तालीकोटा का युद्ध हुआ,जिसमें दक्कन की संयुक्त सेना का मुख्य नेतृत्व बीजापुर के सुल्तान अली आदिलशाह प्रथम ने किया था तथा उनके साथ अहमदनगर के हुसैन निजामशाह, गोलकुंडा के इब्राहिम कुतुबशाह और बीदर के अली बरीदशाह की सेनाएँ शामिल थीं। इसे राक्षस-तंगड़ी अथवा बन्नीहट्टी का युद्ध भी कहा जाता है। इस युद्ध में विजयनगर की सेना राम राय के नेतृत्व में पराजित हुई और राम राय मारा गया। विदेशी यात्री सीजर फ्रेडरिक के यात्रा-वृत्तांत तथा समकालीन ऐतिहासिक स्रोतों के अनुसार, युद्ध के निर्णायक मोड़ पर राम राय के दो प्रमुख मुस्लिम सेनानायकों—गिलानी बंधुओं—द्वारा पाला बदलकर विश्वासघात करने से विजयनगर की स्थिति पूरी तरह बदल गई। इसके बाद विजयनगर नगर को लूटा गया तथा उसकी इमारतों और मंदिरों को भारी क्षति पहुँची।
इस युद्ध के बाद विजयनगर की केंद्रीय शक्ति समाप्तप्राय हो गई, लेकिन साम्राज्य का अस्तित्व तत्काल समाप्त नहीं हुआ। इसके उत्तराधिकारी शासकों ने कुछ क्षेत्रों में अपनी सत्ता बनाए रखी।
4. अराविडु वंश (1570–1650 ई.): अंतिम चरण और विघटन
तालीकोटा के युद्ध के बाद तिरुमल देव राय ने विजयनगर की शेष सत्ता को संभालने का प्रयास किया। उसने राजधानी को पेनुकोंडा स्थानांतरित किया और बाद में 1570 ई. में सदाशिव राय को हटाकर अराविडु वंश की स्थापना की। इस वंश के शासनकाल में साम्राज्य का राजनीतिक प्रभाव पहले की तुलना में बहुत कम हो गया था।
इस वंश के प्रमुख शासकों में तिरुमल देव राय,श्रीरंग प्रथम और वेंकट द्वितीय के नाम उल्लेखनीय हैं। वेंकट द्वितीय (1586–1614 ई.) अराविडु वंश का सबसे योग्य शासक था। उसके शासनकाल में कुछ समय के लिए साम्राज्य को स्थिरता मिली। वह स्पेन के राजा फिलिप तृतीय से पत्र-व्यवहार करता था । चंद्रगिरि और वेल्लोर इसके प्रमुख राजनीतिक केंद्र थे।
लेकिन प्रांतीय नायकों (जैसे तंजौर,मदुरै और जिंजी के नायकों) की बढ़ती स्वतंत्रता,उत्तराधिकार संबंधी संघर्ष और पड़ोसी राज्यों के दबाव के कारण अराविडु वंश की शक्ति लगातार घटती गई। इस वंश का अंतिम शासक श्रीरंग तृतीय था। 17वीं शताब्दी में विजयनगर साम्राज्य का राजनीतिक अस्तित्व समाप्त हो गया।
विजयनगर साम्राज्य में आए प्रमुख विदेशी यात्री
विजयनगर साम्राज्य के इतिहास को बारीकी से समझने में उन विदेशी यात्रियों की किताबों और यात्रा वृत्तांतों का बड़ा हाथ है, जो उस दौर में यहाँ घूमने आए थे। इन यात्रियों ने अपनी आँखों से जो कुछ देखा,उसे लिखा। इनके लेखों से हमें उस समय के शहरों की बनावट,रौनक भरे बाजारों,व्यापार, फौजी ताकत और आम लोगों की जिंदगी के बारे में बहुत काम की बातें पता चलती हैं:
- निकोलो कोंटी: ये इटली से आए यात्री थे,जिन्होंने राजा देवराय प्रथम के राज में 1420 ई. में विजयनगर की सैर की थी और सती प्रथा,दास प्रथा तथा दीपावली व नवरात्रि जैसे त्योहारों का वर्णन किया।
- अब्दुर रज्जाक: ये फारस (ईरान) के राजदूत थे। साल 1443 ई. में देवराय द्वितीय के शासन के दौरान इन्होंने विजयनगर का दौरा किया और यहाँ की भव्यता के बारे में लिखा । इन्होंने अपनी पुस्तक ‘मतला-उस-सादेन’ में लिखा कि विजयनगर जैसा भव्य शहर आँखों ने न कभी देखा और न ही कानों ने सुना।
- दुआर्ते बारबोसा: यह एक पुर्तगाली यात्री था जिसने कृष्णदेवराय के शासनकाल में विजयनगर की यात्रा की और सती प्रथा व धार्मिक सहिष्णुता का उल्लेख किया।
- डोमिंगो पायस: ये पुर्तगाल के रहने वाले थे। इन्होंने महान राजा कृष्णदेवराय के समय में विजयनगर की यात्रा की और उस दौर का बड़ा ही जीवंत ब्योरा दिया
।इन्होंने विजयनगर की तुलना रोम से की और कृष्णदेवराय के व्यक्तित्व का सजीव चित्रण किया। - फर्नाओ नूनीज: ये भी एक पुर्तगाली लेखक व घोड़े के व्यापारी थे,जो अच्युतदेवराय के समय आए थे। इन्होंने विजयनगर के अलग-अलग राजवंशों और वहाँ के राजाओं के इतिहास को विस्तार से दर्ज किया।
- सीजर फ्रेडरिक: ये इटली के यात्री थे। ये तालीकोटा की मशहूर लड़ाई के बाद 1567–68
ई.मेंयहाँ आए थे और इन्होंने युद्ध के बाद उजड़ते हुए विजयनगर के हालातों को बयान किया।
विजयनगर साम्राज्य का ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्त्व
विजयनगर साम्राज्य की पहचान सिर्फ उसकी लड़ाइयों और फौजी जीत तक ही सीमित नहीं थी। असल में,इस दौर में दक्षिण भारत में खेती-बाड़ी, व्यापार,नए शहरों के बसने, साहित्य और भवन निर्माण कला में जबरदस्त तरक्की हुई। खेतों तक पानी पहुँचाने के लिए तुंगभद्रा नदी और दूसरे जलस्रोतों पर कई बांध और नहरें बनवाई गईं। उस जमाने में विदेशी व्यापार भी खूब फलता-फूलता था,जिसमें अरब,फारस और पुर्तगाल के सौदागरों का बड़ा दबदबा था।
अगर स्थापत्य कला यानी इमारतें बनाने के हुनर की बात करें, तो विजयनगर के दौर में द्रविड़ शैली निखर कर सामने आई। जिसे इतिहासकार ‘प्रोविदा शैली’ भी कहते हैं। उस समय के मंदिरों की सबसे खास बात उनके आसमान छूते प्रवेश द्वार (राय गोपुरम), बड़े-बड़े मंडप,नक्काशीदार पत्थर के खंभे,जिनमें घोड़े और पौराणिक पशु ‘याली’ की आकृतियाँ प्रमुख हैं और खुले विशाल आंगन हुआ करते थे। मंदिरों में ‘कल्याण मंडप’ बनवाना इस दौर की एक अनोखी पहचान बन गई थी, जहाँ देवताओं के विवाह उत्सव आयोजित होते थे। आज भी हम्पी में मौजूद विट्ठल मंदिर जो अपने संगीतमय स्तंभों के लिए प्रसिद्ध है, विरुपाक्ष मंदिर, हजारा राम मंदिर और पत्थर का वह मशहूर रथ विजयनगर के कारीगरों के बेमिसाल हुनर की गवाही देते हैं।
विजयनगर साम्राज्य के चारों राजवंश: संक्षिप्त तालिका
| क्रम | राजवंश का नाम | शासनकाल | संस्थापक | प्रमुख शासक | मुख्य विशेषता / महत्त्वपूर्ण तथ्य |
| 1. | संगम वंश | 1336 – 1485 ई. | हरिहर प्रथम एवं बुक्का प्रथम | हरिहर प्रथम, बुक्का प्रथम, हरिहर द्वितीय, देवराय प्रथम, देवराय द्वितीय | विजयनगर की स्थापना (1336 ई.), बहमनी संघर्ष की शुरुआत, तुंगभद्रा बाँध निर्माण एवं निकोलो कोंटी व अब्दुर रज्जाक की यात्रा। |
| 2. | सालुव वंश | 1485 – 1505 ई. | सालुव नरसिंह | सालुव नरसिंह, तिम्मा भूपाल, इम्माडि नरसिंह | ‘प्रथम बलापहार’ द्वारा संगम वंश का अंत और आंतरिक अव्यवस्था को नियंत्रित करने का प्रयास। |
| 3. | तुलुव वंश | 1505 – 1570 ई. | वीर नरसिंह | वीर नरसिंह, कृष्णदेवराय, अच्युतदेवराय, सदाशिव राय | ‘द्वितीय बलापहार’ से स्थापना, कृष्णदेवराय का स्वर्णकाल, अष्टदिग्गज साहित्य, रायचूर विजय (1520 ई.) और तालीकोटा युद्ध (1565 ई.)। |
| 4. | अराविडु वंश | 1570 – 1650 ई. | तिरुमल देव राय | तिरुमल देव राय, श्रीरंग प्रथम, वेंकट द्वितीय, श्रीरंग तृतीय |
निष्कर्ष
1336 ई. में हरिहर प्रथम और बुक्का प्रथम के द्वारा स्थापित विजयनगर साम्राज्य ने दक्षिण भारत के राजनीतिक और सांस्कृतिक इतिहास में एक अहम तरह का स्थान बना लिया। संगम वंश के शासकों ने उसकी नींव थोड़ी ज्यादा ठोस सी कर दी,फिर सालुव वंश ने राजनीतिक उलटफेर वाले वक्त में सत्ता संभाली। तुलुव वंश के कृष्णदेवराय ने इसको उन्नति की सबसे ऊँची सी ऊँचाई तक पहुंचाया, और अराविडु वंश ने तालीकोटा के युद्ध के बाद भी इसकी बची हुई शक्ति को टिकाए रखने का प्रयास किया। 1565 ई. का तालीकोटा युद्ध, कह लीजिये, इसके केंद्रीय प्रभाव के गिरने का निर्णायक मोड़ बन गया। फिर भी विजयनगर की स्थापत्य,साहित्यिक और सांस्कृतिक उपलब्धियाँ आज भी दक्षिण भारतीय इतिहास की अमूल्य धरोहर हैं, और शायद आगे भी रहेंगी।
प्रामाणिक संदर्भ पुस्तकें एवं अध्ययन स्रोत
- K. A. Nilakanta Sastri (1955), A History of South India: From Prehistoric Times to the Fall of Vijayanagar, Oxford University Press, Madras.
- Burton Stein (1989), Vijayanagara, Cambridge University Press, Cambridge.
- Robert Sewell (1900), A Forgotten Empire (Vijayanagar): A Contribution to the History of India, Swan Sonnenschein & Co., London.
- N. Venkataramanayya (1933), Vijayanagara: Origin of the City and the Empire, University of Madras, Madras.
- N. Venkataramanayya (1935), Studies in the History of the Third Dynasty of Vijayanagara, University of Madras, Madras.
- S. Krishnaswami Aiyangar (1919), Sources of Vijayanagar History, University of Madras, Madras.

Dr. Om Prakash Singh
Assistant Professor & Head, Department of History
Constituent Government College, Thakurdwara, Moradabad (U.P)
इतिहास विषय के नोट्स और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए हमारे फेसबुक ग्रुप से जुड़ें:
Join Facebook Group