सम्राट हर्षवर्धन की सांस्कृतिक उपलब्धियाँ प्राचीन भारतीय इतिहास का महत्त्वपूर्ण विषय हैं। लगभग 606 से 647 ई. तक शासन करने वाले हर्षवर्धन ने साहित्य और शिक्षा को संरक्षण दिया। उसके समय में नालंदा महाविहार प्रसिद्ध शिक्षा केंद्र था। हर्ष स्वयं संस्कृत नाटकों का रचयिता था और उसके दरबार में बाणभट्ट जैसे विद्वान थे। इस लेख में हर्षवर्धन की शिक्षा, साहित्य, धार्मिक नीति और सांस्कृतिक गतिविधियों का वर्णन किया गया है। इस लेख में सम्राट हर्षवर्धन की सांस्कृतिक उपलब्धियाँ सरल भाषा में समझाई गई हैं।

प्रस्तावना (Introduction)
हर्षवर्धन प्राचीन भारतीय इतिहास का एक महत्त्वपूर्ण शासक था। वह कुशल प्रशासक, प्रजाहितैषी तथा विद्वानों और कलाओं का आश्रयदाता था। उसकी सांस्कृतिक उपलब्धियाँ भारतीय इतिहास में विशेष महत्त्व रखती हैं। वह एक महान विजेता, कुशल प्रशासक, राजधर्म का ज्ञाता, प्रजाहितैषी, के साथ-साथ विद्वानों, विद्याओं, कलामर्मज्ञों का आश्रयदाता था। हर्षवर्धन, बाणभट्ट और ह्वेन्सांग के विवरण से ज्ञात होता है कि वह विमल चरित्र के साधु पुरुषों और शुद्ध पण्डितों, आचार्यों और राजधर्मियों अथवा राजनीतिज्ञों, सुहृद्य बन्धु तथा मित्र था।
“हर्षचरित” में कहा गया है कि वह विमल बुद्धि के साधु पुरुषों को रत्न समझता था। वह विद्वानों का आश्रयदाता था और उसके दरबार में उनका विशेष आदर था। वह विभिन्न विद्याओं और शास्त्रों का अन्वेषक था। वह स्वयं उच्च कोटि का कवि एवं लेखक था। काव्य गतिविधियों में भी उसकी अभिरुचि थी और वह स्वयं भी कविता की अमृत वर्षा करता था। इससे उसकी साहित्यिक अभिरुचि का पता चलता है। अशोक व कनिष्क के समान उसने भी बौद्ध धर्म को राज्याश्रय प्रदान किया। समुद्रगुप्त के समान वह एक नीति निपुण सम्राट् था। इस प्रकार हर्ष की तुलना इन दोनों महान सम्राटो से की गई है। हर्ष का शासनकाल सामान्यतः 606 ई. से 647/648 ई. तक माना जाता है। उसकी सांस्कृतिक उपलब्धियों का अध्ययन मुख्यतः शिक्षा, साहित्य, धर्म तथा कला के क्षेत्र में किया जाता है।
1. शिक्षा के क्षेत्र में प्रगति (Progress in the Field of Education)
हर्षकालीन शिक्षा व्यवस्था
हर्ष के काल में सभ्यता एवं संस्कृति के दृष्टिकोण से भारत बड़ी उन्नत दशा में था। शिक्षा, विज्ञान तथा कला की जो अभूतपूर्व धारा गुप्तकाल में प्रवाहित हुई थी, उसकी निरंतरता हर्ष के काल में भी बनी रही। शिक्षा के क्षेत्र में इस काल में अभूतपूर्व प्रगति हुई। इस समय मंदिरों में प्राथमिक शिक्षा दी जाती थी। बौद्ध मठों में उच्च शिक्षा दी जाती थी। समूचे भारत में अनेक शैक्षणिक केन्द्र थे। गुरुकुल, आश्रमों में भी शिक्षा प्रदान की जाती थी। शिक्षा संस्थानों में व्याकरण, ज्योतिष, खगोल, तर्कशास्त्र, धर्मशास्त्र, दर्शनशास्त्र, आदि की शिक्षा दी जाती थी; गोष्ठियाँ आयोजित की जाती थीं, वाद-विवाद किये जाते थे। ह्वेनसांग के यात्रा-वृत्तांत से तत्कालीन भारत की शिक्षा व्यवस्था और बौद्ध शिक्षा केंद्रों की जानकारी मिलती है।
नालंदा महाविहार

नालंदा की शिक्षा और पुस्तकालय
नालंदा महाविहार शिक्षा का प्रमुख केन्द्र था। यहाँ लगभग 10,000 विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त करते थे। शिक्षकों की संख्या 1500 से ज्यादा थी। इस महाविहार में चीन, जापान, तिब्बत, श्रीलंका आदि देशों के विद्यार्थी विद्याध्ययन के लिए आते थे। यहाँ धर्म के अतिरिक्त व्याकरण, तर्क, चिकित्सा विज्ञान, शिल्प आदि की शिक्षा दी जाती थी। नालंदा महाविहार में विशाल पुस्तक-संग्रह था,जिसका नाम धर्मगंज था। धर्मगंज पुस्तकालय के तीन प्रमुख भाग थे- रत्नोदधि, रत्नसागर तथा रत्नरंजक। इस महाविहार में 300 छोटे तथा 8 बड़े कमरे थे। नालंदा के प्रसिद्ध आचार्य शीलभद्र के समय चीनी यात्री ह्वेनसांग ने वहाँ अध्ययन किया था। नालंदा महाविहार की स्थापना हर्षवर्धन से पहले हो चुकी थी। हर्षवर्धन के समय नालंदा विश्वविद्यालय अपनी उन्नति के चरम पर था। हर्ष के समय आचार्य शीलभद्र यहाँ के कुलपति थे। हर्षवर्धन ने नालंदा महाविहार का खर्च चलाने के लिए 100 गाँवों की आय दान में दी थी। कुछ ऐतिहासिक स्रोतों तथा चीनी विवरणों में इसे 100 से 200 गाँवों का दान भी उल्लेखित किया गया है।
यह भी पढ़ें: हर्षवर्धन की उपलब्धियाँ और उनका ऐतिहासिक मूल्यांकन
अन्य प्रमुख शिक्षा केंद्र और बौद्ध विहार
तक्षशिला अपनी चिकित्सा विज्ञान की शिक्षा के लिए दूर-दूर तक प्रसिद्ध था। वल्लभी भी पश्चिमी भारत का एक महत्त्वपूर्ण शिक्षा केंद्र था। तक्षशिला और वल्लभी की शैक्षणिक परंपराएँ हर्ष के शासनकाल से पहले से विद्यमान थीं। ह्वेन्सांग ने इसे अनेक ऐसे विहारों का वर्णन किया है, जहाँ बौद्ध धर्म और दर्शन की शिक्षा दी जाती थी। उसने स्वयं अनेक बौद्ध संघ विहारों के प्राधिक आचार्यों से शिक्षा ग्रहण की थी। ऐसे महाविहारों का वर्णन किया है जिनमें कश्मीर का जयेंद्र विहार, पंजाब और जालंधर के बिहार, मतिपुर का बौद्ध मठ, कन्नौज का भद्रक मठ, वैशाली में श्वेतपुर का मठ, गया का महाबोधी मठ और कर्णसुवर्ण का रक्तमृत्तिका / रांगामाटी मठ उल्लेखनीय है। सौराष्ट्र व अन्य प्रांतीय बौद्ध विहार भी शिक्षा का एक प्रमुख केन्द्र था।
2. साहित्य के क्षेत्र में प्रगति (Literary Contributions)

हर्ष की साहित्यिक रुचि और संस्कृत नाटक
हर्ष के तीन नाटक
हर्ष महान साहित्यनुरागी और विद्वान था तथा बौद्ध विद्वानों का समुचित आदर करता था। वह स्वयं एक उच्चकोटि का विद्वान, कवि और नाटककार था। उसने स्वयं तीन नाटकों नागानन्द, रत्नावली, तथा प्रियदर्शिका की रचना की। (नागानन्द में जीमूतवाहन की कथा है, जबकि रत्नावली और प्रियदर्शिका उदयन से संबंधित कथाओं पर आधारित संस्कृत नाटिकाएँ हैं। इन रचनाओं को उसने संस्कृत भाषा में लिपिबद्ध किया था। बाणभट्ट ने ‘हर्षचरित’ में हर्ष को सुन्दर काव्य रचना में दक्ष कहा है। बाणभट्ट के हर्षचरित से हर्ष की साहित्यिक अभिरुचि और काव्य-प्रतिभा के प्रति उसके लगाव का पता चलता है।
हर्ष की काव्य-प्रतिभा और साहित्यिक ख्याति
भारत की साहित्यिक परम्परा में कवि के रूप में हर्ष को 17वीं सदी तक स्मरण किया गया था। 11वीं शताब्दी के गुजराती कवि सोड्डल ने ‘अवन्ती-सुन्दरी कथा’ या उदयसुंदरी कथा में हर्ष को विक्रमादित्य, सुप्रभ, भोज जैसा कवीन्द्र कहा है। जयदेव ने (अपनी प्रसिद्ध कृति ‘गीतगोविंद’ / ‘प्रसन्नराघव‘ के रचयिता) हर्ष को भास, कालिदास, बाण, मयूर आदि कवियों की समकक्षता में रखते हुए उसे ‘कविताकामिनी का साक्षात हर्ष’ निरूपित किया है। बाँसखेड़ा दान-पत्र तथा मधुबन ताम्रपत्र में हर्ष के कलात्मक हस्ताक्षर उसकी चित्रकला के प्रति रुचि प्रकट करते हैं।
हर्ष के दरबार के विद्वान और कवि
बाणभट्ट, मयूर और मातंग दिवाकर
हर्ष के दरबार में अनेक विद्वान, कवि एवं लेखक निवास करते थे। इनमें बाणभट्ट, मयूर तथा मातंग दिवाकर के नाम विशेष उल्लेखनीय हैं। बाणभट्ट उसके दरबारी कवि थे। इन्होंने हर्षचरित, कादम्बरी, चण्डीशतक पुस्तकों की रचना की, ‘कादम्बरी’ को संस्कृत साहित्य का पहला महान उपन्यास माना जाता है, जिसे बाणभट्ट के पुत्र भूषणभट्ट ने पूरा किया था। मयूर ने सूर्य-शतक (जिसे मयूर-शतक भी कहा जाता है) खण्ड प्रशस्ति नामक प्रसिद्ध ग्रन्थों की रचना की। मातंग दिवाकर भी हर्षवर्धन के दरबार के प्रसिद्ध विद्वान थे।
अन्य विद्वान और ब्रह्मगुप्त
इसके अतिरिक्त उड़ीसा का विद्वान जयसेन भी हर्ष के समय का प्रसिद्ध विद्वान था, इसे हर्ष ने 80 गाँव की आय दान स्वरूप देनी चाही लेकिन इसने इंकार कर दिया। यह व्याकरण, भूगोल, चिकित्साशास्त्र तथा गणित का प्रकाण्ड विद्वान था। प्रसिद्ध गणितज्ञ ब्रह्मगुप्त हर्ष के समकालीन/समान कालखंड के महान खगोलशास्त्री एवं गणितज्ञ थे। उसका ग्रन्थ ‘ब्रह्मसिद्धान्त’ नाम से प्रसिद्ध है। बाणभट्ट के पुत्र पुलिंदभट्ट या भूषणभट्ट भी हर्ष के दरबार की शोभा बढ़ाता था। विद्वानों एवं कवियों का आश्रयदाता होने के कारण हर्ष तत्कालीन भारत में विद्या-संरक्षक के नाम से प्रसिद्ध था।
3. धर्म के क्षेत्र में प्रगति (Religious Developments and Tolerance)
हर्ष का व्यक्तिगत धर्म और धार्मिक नीति
हर्ष के व्यक्तिगत धर्म तथा उस समय की धार्मिक अवस्था के विषय में हम ‘हर्षचरित’ तथा ह्वेन्सांग के यात्रा-वृत्तान्त (ग्रंथ ‘सी-यु-की’) से जानकारी प्राप्त करते हैं। हर्ष के पूर्वज भगवान सूर्य और शिव के अनन्य उपासक थे (अभिलेखों में हर्ष को ‘परममाहेश्वर’ कहा गया है)। अतः प्रारम्भ में हर्ष भी अपने कुल देवता शिव का परम भक्त था। लेकिन बाद में उसका दिवाकरमित्र नामक बौद्ध भिक्षु से साक्षात्कार हुआ जिसका प्रभाव हर्ष पर बहुत अधिक पड़ा। चीनी यात्री ह्वेन्सांग से मिलने के बाद तो उसने बौद्ध धर्म की महायान शाखा को राज्याश्रय प्रदान किया (बौद्ध धर्म अपनाने पर हर्ष को ‘परमसौगत’ भी कहा गया)।
कन्नौज की धर्म सभा और प्रयाग की महादान सभा
हर्ष बौद्ध धर्मावलंबी अवश्य था, किन्तु वह दूसरे धर्मों के प्रति भी सदैव सहिष्णु बना रहा और अन्य सभी धर्मों का आदर करता था। कन्नौज की धर्म सभा और प्रयाग की महादान सभा (प्रयाग की महादान सभा को महामोक्षपरिषद भी कहा जाता था। ह्वेनसांग के विवरण के अनुसार हर्ष लगभग प्रत्येक पाँच वर्ष में प्रयाग में दान समारोह आयोजित करता था। इसमें बौद्ध भिक्षुओं, ब्राह्मणों तथा जरूरतमंद लोगों को दान दिया जाता था। परीक्षा की दृष्टि से कन्नौज की सभा ह्वेनसांग के सम्मान और धार्मिक विचार-विमर्श के लिए, जबकि प्रयाग की सभा महादान के लिए प्रसिद्ध थी।) में अन्य धर्मवलम्बियों को बुलाया जाना उसकी धार्मिक सहिष्णुता के परिचायक हैं। हर्ष ने अपनी साम्राज्य की राजधानी कन्नौज में एक धार्मिक सभा बुलाई थी। यह सभा लगभग 23 दिनों तक चली थी, जिसमें 5वें दिन ह्वेन्सांग का विशेष सम्मान हुआ था। इस सभा में प्रख्यात विद्वान भाग लेते थे। इस सभा में महायान बौद्ध धर्म के सिद्धांतों पर विचार-विमर्श हुआ तथा ह्वेनसांग को विशेष सम्मान दिया गया। इस सभा को बौद्ध धर्म के सिद्धांतों में औपचारिक संशोधन करने वाली सभा कहना उचित नहीं होगा। इससे उच्च कोटि की प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाले विद्वानों को हर्ष पुरस्कृत कर सम्मान देता था। इससे बौद्ध धर्म की काफी उन्नति हुई।
यह भी पढ़ें: सम्राट हर्षवर्धन के इतिहास के स्रोत | Sources of Harshavardhana History in Hindi
धार्मिक निर्माण और लोककल्याण के कार्य
हर्ष ने अनेक चैत्य, विहार और संघाराम का निर्माण बौद्ध भिक्षुओं के लिए करवाये। उसने कश्मीर में बुद्ध के दन्त के अवशेष मंगवाकर कन्नौज के चैत्य में रखवा दिया। उसने साम्राज्य में हिंसा व जीव-हत्या पर कड़ा प्रतिबंध को नियन्त्रित/प्रतिबन्धित कर दिया। इसके अलावा नगरों, गाँवों और मार्गों पर धर्मशालाएँ बनवायीं; इन धर्मशालाओं में भोजन तथा औषधि बिना मूल्य के वितरित की जाती थी। हर्ष ने लोकहितकारी कार्यों से प्रजा का विश्वास जीतने का प्रयास किया। उसने धार्मिक तथा शिक्षण संस्थाओं को आर्थिक सहायता दी। उसने अपनी प्रजा के सुख-दुख का भरपूर ख्याल रखा और जनता को राहत पहुँचाई।
4. कला के क्षेत्र में प्रगति (Development of Art and Architecture)

स्थापत्य कला, मूर्तिकला और चित्रकला
हर्ष शिक्षा, साहित्य, धर्म के साथ-साथ कला का भी संरक्षक था। इस समय गुप्त काल की भाँति कला की उन्नति हुई। इस काल की कला में गुप्तकाल की कला की प्रवृत्तियाँ तथा विशेषताएँ विद्यमान हैं। इसके प्रमाण आज भी विद्यमान हैं। इस समय अनेक चैत्य, विहार, मठ, स्तूप और मंदिरों, तथा बहुत सी देवी-देवताओं की मूर्तियों और भवनों का निर्माण हुआ।
शाहाबाद जिले में मुण्डेश्वरी का मंदिर, रायपुर जिले का सिरपुर का प्रसिद्ध ईंटों से निर्मित लक्ष्मण मंदिर, कन्नौज का संघाराम आदि इस काल की स्थापत्य कला के उत्कृष्ट नमूने हैं। (बिहार के कैमूर जिले में स्थित मुण्डेश्वरी मंदिर तथा छत्तीसगढ़ के सिरपुर का लक्ष्मण मंदिर प्राचीन भारतीय स्थापत्य कला के महत्त्वपूर्ण उदाहरण हैं। इनके निर्माणकाल और संरक्षकों के संबंध में उपलब्ध प्रमाणों को ध्यान में रखते हुए इन्हें हर्ष की प्रत्यक्ष उपलब्धि नहीं माना जाना चाहिए।) बुद्ध व अन्य देवी-देवताओं की संगमरमर, स्वर्ण, ताँबे (जैसे नालंदा से प्राप्त बुद्ध की विशाल ताँबे की मूर्ति) आदि की प्रतिमाएँ इस काल की मूर्तिकला की कुशलता एवं प्रवीणता का स्पष्ट परिचय प्रदान करती हैं। अजन्ता की कुछ चित्रकारियाँ (गुफा संख्या 1 व 2 के कुछ उत्तर-गुप्तकालीन चित्र) इसकी महान देन हैं। इस समय संगीत भी उन्नत अवस्था में था।
निष्कर्ष
उपर्युक्त विवेचना से स्पष्ट हो जाता है कि हर्ष की सांस्कृतिक उपलब्धियाँ तत्कालीन परिस्थितियों के उपयुक्त एवं लोककल्याणकारी थीं। यद्यपि वह अपने राजनीतिक अभियानों के दौरान दक्षिण में चालुक्य नरेश पुलकेशिन द्वितीय से पराजित हुआ था, फिर भी उसकी सांस्कृतिक उपलब्धियाँ भारतीय इतिहास में अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान रखती हैं। नालंदा महाविहार को संरक्षण, संस्कृत साहित्य में रुचि, बाणभट्ट जैसे विद्वानों का आश्रय, हर्ष के नाम से प्रसिद्ध तीन नाटक तथा कन्नौज और प्रयाग के आयोजन उसकी सांस्कृतिक उपलब्धियों के प्रमुख उदाहरण हैं।
विद्यार्थियों द्वारा अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
उत्तर: प्राचीन भारतीय सम्राट हर्षवर्धन ने शिक्षा, साहित्य के साथ ही साथ धर्म को संरक्षण दिया। नालंदा महाविहार को संरक्षण, संस्कृत साहित्य में रुचि, बाणभट्ट जैसे विद्वानों का आश्रय, हर्ष के नाम से प्रसिद्ध तीन नाटक तथा कन्नौज और प्रयाग के आयोजन उसकी सांस्कृतिक उपलब्धियों के प्रमुख उदाहरण हैं।
उत्तर: हर्षवर्धन स्वयं एक उच्चकोटि का विद्वान, कवि और नाटककार था। उसने स्वयं तीन नाटकों नागानन्द, रत्नावली, तथा प्रियदर्शिका की रचना की। ये नाटक संस्कृत साहित्य में महत्त्वपूर्ण स्थान रखते हैं।
उत्तर: नालंदा महाविहार शिक्षा का प्रमुख केन्द्र था। यहाँ लगभग 10,000 विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त करते थे। शिक्षकों की संख्या 1500 से ज्यादा थी। इस महाविहार में चीन, जापान, तिब्बत, श्रीलंका आदि देशों के विद्यार्थी विद्याध्ययन के लिए आते थे। हर्षवर्धन ने इसके संचालन के लिए गाँवों की आय दान में दी थी।
उत्तर: हर्ष के दरबार में अनेक विद्वान, कवि एवं लेखक निवास करते थे। इनमें बाणभट्ट, मयूर तथा मातंग दिवाकर के नाम विशेष उल्लेखनीय हैं। बाणभट्ट उसके दरबारी कवि थे। इन्होंने हर्षचरित, कादम्बरी, चण्डीशतक पुस्तकों की रचना की, ‘कादम्बरी’ को संस्कृत साहित्य का पहला महान उपन्यास माना जाता है।
उत्तर: कन्नौज की सभा धर्म से संबंधित थी, इसमें धार्मिक विचार-विमर्श हुआ करते थे और चीनी यात्री ह्वेनसांग को सम्मान दिया गया। प्रयाग की महादान सभा दान के लिए प्रसिद्ध थी, जहाँ हर्षवर्धन जरूरतमंदों, ब्राह्मणों और बौद्ध भिक्षुओं को दान देता था।
प्रामाणिक संदर्भ पुस्तकें एवं अध्ययन स्रोत
1. प्रमुख ऐतिहासिक ग्रंथ एवं प्राथमिक स्रोत (Primary Sources)
- बाणभट्ट (1936), हर्षचरितम्, निर्णय सागर प्रेस, मुंबई।
- बाणभट्ट (1928), कादम्बरी, चौखम्भा संस्कृत सीरीज, वाराणसी।
- ह्वेन्सांग / सैमुअल बील (1884), सी-यु-की: बुद्धिस्ट रिकॉर्ड्स ऑफ द वेस्टर्न वर्ल्ड, ट्रुब्नर एंड कंपनी, लंदन।
- हर्षवर्धन (1925), नागानन्द, रत्नावली एवं प्रियदर्शिका (संस्कृत नाटक), मोतीलाल बनारसीदास, दिल्ली।
2. मानक इतिहास पुस्तकें (Standard Reference Books)
- डॉ. के. सी. श्रीवास्तव (2018), प्राचीन भारत का इतिहास तथा संस्कृति, यूनाइटेड बुक डिपो, इलाहाबाद (प्रयागराज)।
- डॉ. वी. सी. पांडे (2015), प्राचीन भारत का राजनीतिक एवं सांस्कृतिक इतिहास, सेंट्रल बुक डिपो, इलाहाबाद (प्रयागराज)।
- डॉ. रोमिला थापर (2002), द पेंगुइन हिस्ट्री ऑफ अर्ली इंडिया, पेंगुइन बुक्स, नई दिल्ली।
- आर. सी. मजूमदार (1954), द क्लासिकल एज (द हिस्ट्री एंड कल्चर ऑफ द इंडियन पीपल, भाग 3), भारतीय विद्या भवन, मुंबई।
- वी. ए. स्मिथ (1924), द अर्ली हिस्ट्री ऑफ इंडिया, क्लेरेंडन प्रेस, ऑक्सफोर्ड।
3. पुरातात्विक स्रोत एवं आधिकारिक डिजिटल संदर्भ
- रविकीर्ति (634 ई.), अहोल शिलालेख (चालुक्य कालीन अभिलेख), भारतीय पुरातात्विक सर्वेक्षण (ASI), नई दिल्ली।
- यूनेस्को (2016), आर्कियोलॉजिकल साइट ऑफ नालंदा महाविहार ऐट नालंदा, बिहार, यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज सेंटर (https://whc.unesco.org/en/list/1502/), पेरिस।
नोट: उपर्युक्त सभी संदर्भ ग्रंथ प्रामाणिक इतिहासकारों द्वारा रचित हैं तथा विश्वविद्यालयीय पाठ्यक्रमों एवं उच्च-स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं (UGC NET/JRF, Assistant Professor, UPSC) के लिए पूर्णतः प्रामाणिक माने जाते हैं।
“टिप्पणी: इस पेज पर नीचे भाषा बदलने का बटन मौजूद है। उस पर क्लिक करके आप इस आर्टिकल को अपनी पसंद की भाषा (20 भाषाओं) में पढ़ सकते हैं। |Tip: The Language Switcher button is available at the bottom of this page. Click on it to read this article in your preferred language (20 languages).”

Dr. Om Prakash Singh
Assistant Professor & Head, Department of History
Constituent Government College, Thakurdwara, Moradabad (U.P)
इतिहास विषय के नोट्स और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए हमारे फेसबुक ग्रुप से जुड़ें:
Join Facebook Group