प्राचीन भारत के इतिहास को सही से समझने के लिए पुरातात्विक और साहित्यिक, दोनों ही प्रकार के साक्ष्यों का विशेष महत्व है। जहाँ एक ओर अभिलेख, सिक्के और खुदाई में मिली चीजें इतिहास को एक मजबूत और सच्चा आधार प्रदान करती हैं, वहीं दूसरी तरफ वेद, बौद्ध-जैन ग्रंथ और उस समय की अन्य पुस्तकें उस युग के समाज, रहन-सहन और संस्कृति की एक जीती-जागती तस्वीर हमारे सामने प्रस्तुत करती हैं। विशेष रूप से UGC NET, UPSC और असिस्टेंट प्रोफेसर जैसी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र/छात्राओं के लिए प्राचीन भारत के इतिहास के स्रोतों की आपस में तुलना करना, इनकी कमियों को पहचानना और इन स्रोतों के आधार पर ही प्राचीन भारत के इतिहास को सही नजरिए से समझना बेहद जरूरी हो जाता है।

प्राचीन इतिहास के स्रोत एवं ऐतिहासिक चेतना: एक परिचय
प्राचीन भारत के अध्ययन के स्रोत के रूप में पुरातात्विक एवं साहित्यिक, दोनों ही प्रकार के साक्ष्यों का विशेष महत्व है। हाल में साहित्यिक स्रोत की तुलना में पुरातात्विक स्रोतों को अधिक महत्व दिया जाने लगा क्योंकि ऐसा माना जाता है कि पुरातात्विक स्रोत की प्रमाणिकता अधिक स्पष्ट होती है, क्योंकि इनमें मानवीय हस्तक्षेप की गुंजाइश कम रहती है। फिर भी साहित्यिक स्रोतों का अपना महत्व है, क्योंकि साहित्यिक स्रोतों से जीवन की व्यापक झलक प्राप्त होती है और कतिपय स्थानों पर पुरातात्विक स्रोत अनुपस्थित हैं, अतः साहित्यिक स्रोतों के माध्यम से ही युग की पुनर्चना (पुनर्निर्माण) किया जाना सम्भव है। उदाहरण के लिये चित्रित धूसर मृद्भाण्ड (PGW – Painted Grey Ware) वैदिक युग के सन्दर्भ में पर्याप्त सूचना नहीं दे पाते हैं अतः वैदिक साहित्य के माध्यम से ही इस युग की व्यापक जानकारी प्राप्त होती है। इसी प्रकार सुदूर दक्षिण के समाज के सन्दर्भ में महत्वपूर्ण सूचनाएं संगम साहित्य के माध्यम से ही प्राप्त होती हैं।
इस प्रकार हम देखते हैं कि प्राचीन भारत के अध्ययन के स्रोत के रूप में साहित्यिक ग्रन्थों का अपना अलग महत्व है। परन्तु इस सन्दर्भ में कहा जाता है कि प्राचीन भारत के लोगों में पर्याप्त ऐतिहासिक बुद्धि का अभाव था तथा प्राचीन भारत में यूनान के हेरोडोटस (जिन्हें ‘इतिहास का पिता’ कहा जाता है) एवं रोम के लिवि (Livy) जैसे इतिहासकार पैदा नहीं हुए। इस सन्दर्भ में यह भी कहा जाता है कि प्राचीन काल के ग्रन्थ अधिकतर धार्मिक ग्रन्थ हैं, ऐतिहासिक तथ्यों के बदले में मिथकों से भरे पड़े हैं। परन्तु सूक्ष्म अवलोकन के बाद यह ज्ञात होता है कि प्राचीन भारत के लोगों की इतिहास विषयक संकल्पना आधुनिक लेखकों की संकल्पना से अवश्य थी, फिर भी ऐसा नहीं कह सकते कि प्राचीन भारत के लोगों में पर्याप्त बुद्धि का अभाव था (कल्हण की ‘राजतरंगिणी‘ इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है, जिसे भारत का प्रथम विशुद्ध ऐतिहासिक ग्रंथ माना जाता है)।
वस्तुतः प्राचीन भारत के लोगों के इतिहास लेखन के उद्देश्य ही अलग थे। इनके लेखन का उद्देश्य धर्म, अर्थ, काम, मोक्ष इन चार पुरुषार्थों को प्राप्त करना था। प्राचीन भारत के लेखक आधुनिक भारत के लेखकों की तरह घटनाओं में कार्यकारण सम्बन्ध स्थापित नहीं करते थे। फिर भी अनेक ग्रन्थों से महत्वपूर्ण ऐतिहासिक तथ्यों की सूचना प्राप्त की जा सकती है। वर्तमान में इन ग्रन्थों के विश्लेषण में भी नवीन तकनीकें उभर कर आयी हैं। उदाहरण के लिये इन ग्रन्थों के विश्लेषण में समाजशास्त्रीय दृष्टिकोण का उपयोग हाल में एक इतिहासकार (जैसे रोमिला थापर) ने पुराणों की तिथि क्रम तथा वंशावलियों की ऐतिहासिकता का आर्थिक-सामाजिक दृष्टिकोण में विश्लेषण किया है। इससे किसी ग्रन्थ विशेष के स्तर विन्यास (stratification) को स्पष्ट किया जाने लगा।
साहित्यिक स्रोतों का वर्गीकरण (Classification of Literary Sources)
अगर हम प्राचीन भारत के इतिहास के अध्ययन के स्रोत के रूप में साहित्यिक ग्रन्थों पर दृष्टिपात करते हैं तो इन्हें सुविधा के दृष्टि से कई उपसमूहों में विभाजित किया जा सकता है। उदाहरण के लिये इनका विभाजन देशी साहित्य एवं विदेशी साहित्य के रूप में किया जाता है। फिर देशी साहित्य को धार्मिक साहित्य एवं गैर-धार्मिक साहित्य में विभाजित कर सकते हैं। इसी प्रकार धार्मिक साहित्य को भी ब्राह्मण साहित्य, बौद्ध साहित्य एवं जैन साहित्य जैसे अनेक प्रकार के समूह में बांटा जा सकता है।
ब्राह्मण (वैदिक) साहित्य

ब्राह्मण साहित्य में सबसे आरम्भिक चार वेद हैं—ऋग्वेद, सामवेद, यजुर्वेद तथा अथर्ववेद (इनमें प्रथम तीन को ‘वेदत्रयी’ कहा जाता है)। इन वेदों से आर्यों के राजनैतिक जीवन पर कम परन्तु सामाजिक एवं सांस्कृतिक जीवन पर अधिक प्रभाव पड़ता है (अर्थात् जानकारी मिलती है)। इन चारों वेदों में अध्ययन स्रोत के रूप में ऋग्वेद एवं अथर्ववेद का अधिक महत्व है। अथर्ववेद से अपेक्षाकृत निचले स्तर की संस्कृति यथा जादू-टोना, वशीकरण, औषधि व लोक-विश्वास पर प्रकाश पड़ता है।
वेदों के अतिरिक्त ब्राह्मण ग्रन्थ, आरण्यक एवं उपनिषद वैदिक साहित्य में शामिल हैं। ब्राह्मण ग्रन्थ गद्य ग्रन्थ हैं तथा इनसे उत्तर वैदिक आर्यों के आर्थिक, सामाजिक एवं धार्मिक जीवन (विशेषकर यज्ञीय विधानों) पर प्रकाश पड़ता है (जैसे शतपथ ब्राह्मण से कृषि की चारों क्रियाओं—जुताई, बुआई, कटाई व मड़ाई का उल्लेख मिलता है)। आरण्यक एवं उपनिषद वैदिक आर्यों की उच्चतर सोच एवं दार्शनिक उपलब्धियों को भी दर्शाते हैं, यद्यपि इनसे तत्कालिक जीवन पर भी प्रकाश पड़ता है (उपनिषदों की कुल संख्या 108 मानी गई है, जिनमें सत्यमेव जयते मुण्डकोपनिषद से लिया गया है)।
वैदिक साहित्य के पश्चात् वेदांगों को ब्राह्मण साहित्य में शामिल किया जा सकता है। ये वेदांग छह हैं—शिक्षा (ध्वनि शास्त्र)], कल्प (विधि/कर्मकांड), निरुक्त (व्युत्पत्ति शास्त्र-यास्क रचित), छन्द, व्याकरण (पाणिनि कृत ‘अष्टाध्यायी‘) एवं ज्योतिष (लगध मुनि कृत)। इन वेदांगों से तत्कालीन आर्थिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक जीवन पर प्रकाश पड़ता है। शिक्षा भाषायी एवं बौद्धिक विकास को दर्शाता है। कल्प पारिवारिक एवं घरेलू यज्ञ पर प्रकाश डालता है। कल्पसूत्र चार भागों में विभक्त है: श्रौतसूत्र, गृह्यसूत्र, धर्मसूत्र और शुल्वसूत्र; शुल्वसूत्र को भारतीय रेखागणित का जनक माना जाता है। व्याकरण भाषा के विकास को दर्शाता है। ज्योतिष प्राचीन भारत के लोगों के बौद्धिक व खगोलीय विकास को दर्शाता है। निरुक्त से भाषा के व्युत्पत्ति की जानकारी मिलती है। इस प्रकार ऐतिहासिक स्रोत में इन वेदांगों का अपना अलग महत्व है।
वेदांग के बाद स्मृति, महाकाव्य एवं पुराणों को भी ब्राह्मण साहित्य में शामिल किया गया है। स्मृतियों में प्राचीन स्मृति मनुस्मृति है (200 BC to 200 AD) जिससे मौर्योत्तर काल (शुंग काल) के आर्थिक, सामाजिक एवं धार्मिक जीवन की महत्वपूर्ण जानकारी मिलती है। इसी प्रकार याज्ञवल्क्य स्मृति, बृहस्पति स्मृति, पराशर स्मृति, नारद स्मृति, देवल स्मृति आदि से गुप्त काल एवं उसके पश्चात के इतिहास पर प्रकाश पड़ता है (देवल स्मृति से विशेष रूप से धर्म परिवर्तन के बाद पुनः हिंदू धर्म में शुद्धि के नियम प्राप्त होते हैं)।
इसी प्रकार महाकाव्यों (रामायण एवं महाभारत) से प्राचीन भारत के जीवन पर प्रकाश पड़ता है, परन्तु इन ग्रन्थों की रचना एक लम्बे अन्तराल में हुई जो ई०पू० से लेकर गुप्त कालीन जीवन तक की सूचना प्रदान करती हैं। उसी तरह कुल 18 पुराणों की गणना की जाती है (मत्स्य पुराण सबसे प्राचीन और प्रामाणिक माना जाता है)। इन पुराणों से राजनैतिक वंशावलियों पर विशेष रूप से प्रकाश पड़ता है (जैसे विष्णु पुराण से मौर्य वंश, मत्स्य पुराण से सातवाहन वंश और वायु पुराण से गुप्त वंश की जानकारी मिलती है)। हाल में पुराणों की तिथि क्रमशः स्पष्ट करने के लिये आर्थिक-सामाजिक दृष्टिकोण को भी अपनाया गया है।
इन ग्रन्थों के अतिरिक्त विशाखदत्त की मुद्राराक्षस, कामन्दक की नीतिसार, सोमदेवकृत कथासरित्सागर, क्षेमेन्द्रकृत बृहत्कथामंजरी आदि को भी ब्राह्मण साहित्य (लौकिक/ऐतिहासिक वर्ग) में शामिल किया गया है। विशाखदत्त की मुद्राराक्षस,जिसमें चन्द्रगुप्त मौर्य के लिए ‘वृषल’ शब्द का प्रयोग हुआ है एवं कामन्दक की नीतिसार गुप्तकालीन जीवन पर प्रकाश डालते हैं।
बौद्ध एवं जैन साहित्य (पाली एवं प्राकृत ग्रन्थ)
संस्कृत ग्रन्थों के अतिरिक्त पाली एवं प्राकृत ग्रन्थ भी प्राचीन भारत के अध्ययन स्रोत के रूप में महत्वपूर्ण रहे हैं, आरम्भिक इतिहासकारों द्वारा संस्कृत ग्रन्थों को ही विशेष महत्व दिया जा रहा था। परन्तु संस्कृत ग्रन्थ समाज के अपेक्षाकृत अधिक विकसित स्तर के सम्बन्ध में ही सूचना प्रदान करते हैं, जबकि पाली और प्राकृत ग्रन्थ जनसामान्य के विषय में महत्वपूर्ण सूचना प्रदान करते हैं। यही वजह है कि जनसामान्य के जीवन की झलक के लिये पाली एवं प्राकृत ग्रन्थों पर अधिक निर्भर होते हैं। पाली ग्रन्थ बौद्ध धर्म से सम्बद्ध हैं। आरम्भिक बौद्ध ग्रन्थों में जातक कथा (बुद्ध के पूर्व जन्मों की 549 कथाएँ) तथा दीघनिकाय महत्वपूर्ण हैं। जातक कथा में बुद्ध युग के आर्थिक एवं सामाजिक जीवन पर प्रकाश पड़ता है, जबकि दीघनिकाय राजत्व की अवधारणा को स्पष्ट करता है (महापरिनिब्बान सुत्त भी दीघनिकाय का ही भाग है)। इसके अतिरिक्त दिव्यावदान, अशोकावदान, दीपवंश, महावंश (श्रीलंकाई इतिवृत्त), आर्यमंजूश्रीमूलकल्प, मिलिन्दपन्हो (यूनानी राजा मिनांडर और बौद्ध भिक्षु नागसेन का दार्शनिक संवाद) प्राचीन भारत के अध्ययन के महत्वपूर्ण स्रोत हैं।
इसी प्रकार जैन ग्रन्थों (जो मूलतः अर्धमागधी प्राकृत में लिखे गए हैं) में भगवतीसूत्र (जिसमें 16 महाजनपदों की सूची और महावीर स्वामी का जीवन चरित मिलता है), कल्पसूत्र (भद्रबाहु कृत), भद्रबाहुचरित, परिशिष्टपर्वन (हेमचन्द्र रचित) आदि प्राचीन भारत के अध्ययन के महत्वपूर्ण स्रोत माने जाते हैं।
धर्मेतर एवं गैर-धार्मिक साहित्य (Secular Literature)
धार्मिक साहित्य के अतिरिक्त अध्ययन स्रोत के रूप में गैर-धार्मिक साहित्य का भी विशेष योगदान है। इन गैर-धार्मिक ग्रन्थों में कौटिल्य (चाणक्य/विष्णुगुप्त) के अर्थशास्त्र का विशेष महत्व है, जहाँ अन्य ग्रन्थों के विपरीत यह तत्कालीन राजनैतिक जीवन पर विशेष प्रकाश डालता है। परन्तु राजनैतिक जीवन के विषय में ही नहीं, अपितु आर्थिक, सामाजिक, सांस्कृतिक जीवन के विषय में भी इससे महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त होती है। बताया जाता है कि कौटिल्य के अर्थशास्त्र का काल स्पष्ट नहीं है। इसमें किसी भी मौर्य शासक के विषय में प्रत्यक्ष नाम से सूचना नहीं दी गयी है तथा इसमें जिस प्रकार के राज्य की तस्वीर प्रस्तुत की गयी है, वह बड़ा साम्राज्य न होकर एक छोटा सा राज्य (विजिगीषु राजा का राज्य) है। परन्तु कौटिल्य के अर्थशास्त्र में प्रयुक्त शब्दावलियां एवं अशोक के अभिलेखों में प्रयुक्त शब्दावलियों में समानता के आधार पर ऐसा माना जाता है कि इस ग्रन्थ का अधिकांश भाग का सम्बन्ध मूल मौर्यकाल से ही रहा है, यद्यपि इस ग्रन्थ का कुछ अंश पूर्व मौर्यकाल से सम्बद्ध था तथा कुछ मौर्योत्तर काल से सम्बद्ध प्रतीत होता है। अर्थशास्त्र 15 अधिकरणों एवं 180 प्रकरणों में विभाजित है, जिसमें राज्य के सप्तांग सिद्धान्त का वर्णन मिलता है।
अर्थशास्त्र के अतिरिक्त संगम साहित्य को भी गैर-धार्मिक साहित्य के अन्तर्गत रखा जा सकता है। आरम्भिक संगम साहित्य में 8 ग्रन्थ (एट्टुत्तोगै) शामिल थे, परन्तु आगे रचित साहित्य में उत्तर भारत एवं धर्म का प्रभाव बढ़ता गया। संगम साहित्य सुदूर दक्षिण (चोल, चेर, पाण्ड्य) का इतिहास जानने का महत्वपूर्ण स्रोत है।
यह भी पढ़ें: गुप्त राजवंश के इतिहास की जानकारी के प्रमुख स्रोत
विदेशी यात्रियों एवं लेखकों के वृत्तांत (Foreign Accounts)

देशी साहित्य के अतिरिक्त विदेशी साहित्य प्राचीन भारत का इतिहास जानने के महत्वपूर्ण साधन हैं। वस्तुतः विदेशी साहित्य के दो महत्वपूर्ण योगदान हैं। वास्तव में विदेशी लेखक उन पूर्वाग्रहों से मुक्त प्रतीत होते हैं जिनसे देशी लेखक ग्रसित पाये गये। दूसरे कुछ कालों के अध्ययन में देशी साहित्य की अनुपस्थिति में विदेशी साहित्य का ही विशेष योगदान है। अतीत काल के उदाहरण के लिये बुद्ध युग में उत्तर-पश्चिम भारत के इतिहास के स्रोत के रूप में हमें विदेशी साहित्य (यूनानी) पर ही निर्भर रहना पड़ता है। यूनानी लेखकों का विवरण इस सन्दर्भ में कितना महत्वपूर्ण रहा है, इसका अन्दाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि जब विलियम जोंस नामक विद्वान ने 1793 ई० में सेन्ड्रोकोट्स की पहचान चन्द्रगुप्त मौर्य से कर दी तो फिर भारतीय इतिहास की गुत्थियां ही स्पष्ट हो गयीं।
विदेशी साहित्य में यूनानी लेखक, चीनी लेखक एवं अरब लेखकों का विशेष योगदान रहा है। यूनानी लेखक में सिकन्दर के समकालीन इतिहासकार महत्वपूर्ण हैं। हेसियस (अरिस्टोबुलस), ओनेसिक्रिटस, नियार्कस आदि इनके लेखन से उत्तर पश्चिम भारत पर प्रकाश पड़ता है। इनके अतिरिक्त जस्टिन, प्लूटार्क, कर्टियस आदि के द्वारा प्रस्तुत विवरण भी प्रमुख हैं।
परन्तु यूनानी लेखकों में मेगस्थनीज के विवरण का बहुत महत्व है। मेगस्थनीज सेल्यूकस निकेटर के राजदूत के रूप में चन्द्रगुप्त मौर्य के दरबार में आया था। उसने अपने विवरण को ‘इण्डिका’ नामक कृति में सम्मिलित किया। यद्यपि उसकी मूल प्रति नष्ट हो गयी है, इस सन्दर्भ में जो भी सूचना प्राप्त होती है वह परवर्ती काल के लेखकों यथा एरियन, प्लिनी, टालमी, स्ट्रैबो आदि के उद्धरण से प्राप्त होती है। मेगस्थनीज की इण्डिका से मौर्यकालीन प्रशासनिक (पाटलिपुत्र की 6 नगर समितियाँ), आर्थिक, समाज एवं सांस्कृतिक संरचना पर व्यापक प्रकाश पड़ता है।
चीनी लेखकों में फाहियान (रचना: ‘फो-क्वो-की‘), ह्वेनसांग (रचना: ‘सी-यू-की‘, जिसे ‘यात्रियों का राजकुमार‘ कहा गया) एवं इत्सिंग के विवरण प्रमुख हैं। फाहियान के विवरण से गुप्तकालीन (चन्द्रगुप्त द्वितीय ‘विक्रमादित्य‘ के समय) सामाजिक जीवन पर तथा ह्वेनसांग के विवरण से हर्षवर्द्धन एवं उसके काल (कन्नौज सभा व प्रयाग महामोक्ष परिषद) पर प्रकाश पड़ता है।
उसी प्रकार अरब लेखकों में सुलेमान एवं अलमसूदी तथा अलबरूनी प्रमुख हैं। सुलेमान (रचना: ‘सिलसिलात-उत-तवारीख‘) पाल शासकों के विषय में हमें सूचना देता है (वह पाल राज्य को ‘रुहमा‘ कहता है), तो अलमसूदी प्रतिहार एवं राष्ट्रकूट शासकों के बारे में सूचना देता है। उसने गुर्जर-प्रतिहारों को ‘अल-गुर्जर‘ और राजा को ‘बौरा‘ कहा। तथा अलबरूनी जो महमूद गजनवी के साथ 11वीं सदी में भारत आया था उसने अपनी पुस्तक ‘तहकीक-ए-हिन्द‘ (किताब-उल-हिन्द) में यहाँ के निवासियों एवं सम्पूर्ण समाज (राजपूत कालीन) के बारे में हमें विशद जानकारी प्रदान की है। इस प्रकार हम देखते हैं प्राचीन भारत के अध्ययन के स्रोत के रूप में विदेशी साहित्य का भी अपना महत्व है।
यह भी पढ़ें: मौर्य वंश के इतिहास के प्रमुख स्रोत
साहित्यिक स्रोतों की सीमाएँ (Limitations of Literary Sources)
परन्तु अध्ययन के स्रोत के रूप में साहित्यिक ग्रन्थों की अपनी सीमायें हैं:
- प्रथम, अधिकांश ग्रन्थों की प्रमाणिकता स्पष्ट नहीं है। यह भी सिद्ध करना कठिन है कि किसी भी ग्रन्थ को सम्पूर्ण रूप में एक काल से सम्बद्ध माना जाय अथवा नहीं।
- दूसरे, इन ग्रन्थों में प्रक्षिप्तवाद (बाद में जोड़े गए अंश – interpolations) भी एक समस्या है। एक ग्रन्थ के अलग-2 अंश अलग-2 कालों से सम्बद्ध हो सकते हैं।
- तीसरे, धार्मिक साहित्य एक विशेष प्रकार के दृष्टिकोण को लेकर लिखे गये हैं। यद्यपि बौद्ध लेखक बौद्ध दृष्टिकोण से परिचालित प्रतीत होते हैं तथा जैन लेखक जैन दृष्टिकोण से। इस प्रकार एकांगिता दृष्टिकोण ही सर्वोपरि हो जाता है और धर्म के प्रभाव में ही तथ्यों को जहाँ-तहाँ तोड़-मरोड़ देते हैं। उदाहरण के लिये चीनी लेखकों के विवरण में ऐसा देखा गया है कि उन्होंने अशोक के व्यक्तित्व पर भी बौद्ध धर्म दिखाना अपना दायित्व समझा। उदाहरण के लिये ऐसा घोषित किया गया कि बौद्ध धर्म में आने से पूर्व अशोक चण्डाशोक था जबकि बौद्ध धर्म के प्रभाव में वह धर्माशोक बन गया।
- इसी प्रकार विदेशी वृतांत की एक महत्वपूर्ण सीमा यह है कि बहुत से विदेशी लेखक भारतीय परिस्थितियों से अवगत नहीं थे, अतः उन्होंने कतिपय घटनाओं एवं संस्थाओं का बहुत अतिरंजित विवरण प्रस्तुत कर दिया है। उदाहरणार्थ मेगस्थनीज भारत के सन्दर्भ में यह घोषित करता है कि भारत में दास नहीं होते थे, जबकि कौटिल्य के अर्थशास्त्र में 9 प्रकार के दासों का उल्लेख है। उसी प्रकार उसने भारतीय समाज का विभाजन सात जातियों में किया (उसने वर्ण और व्यवसाय में भ्रमवश ऐसा लिखा)।
पुरातात्विक स्रोतों का महत्व एवं वर्गीकरण (Archaeological Sources)

यही वजह है कि साहित्यिक स्रोतों की तुलना में पुरातात्विक स्रोतों का महत्व बढ़ता जा रहा है। पुरातात्विक स्रोतों के निम्नलिखित सबल पक्ष हैं:
- प्रथम, इसका स्वरूप वस्तुनिष्ठ है। अर्थात पुरातात्विक स्रोतों में मानवीय हस्तक्षेप की गुंजाइस कम होती है। उदाहरण के लिये अभिलेख, टीले, भवन एवं स्मारक सदियों से स्थापित हैं तथा उनके स्वरूप में कोई परिवर्तन नहीं देखा गया।
- दूसरे, भारतीय इतिहास के कुछ कालों के अध्ययन के लिये हमें पूरी तरह पुरातात्विक स्रोतों पर ही निर्भर रहना पड़ता है। उदाहरण के लिये प्रागैतिहासिक काल के अध्ययन में केवल पुरातात्विक स्रोत ही उपलब्ध हैं। उसी प्रकार आद्यऐतिहासिक काल (हड़प्पा सभ्यता) के अध्ययन के लिये पुरातात्विक स्रोतों के साथ-2 साहित्यिक स्रोत भी उपलब्ध हैं, किन्तु इनका उपयोग वास्तविक रूप में नहीं हो सका क्योंकि हड़प्पा लिपि को अभी तक पढ़ा नहीं जा सका है।
- हाल के कुछ दशकों में पुरातात्विक स्रोतों का महत्व और भी बढ़ता जा रहा है क्योंकि पुरातात्विक स्रोतों के अध्ययन की परिधि में व्यापक विस्तार देखा जा सकता है। उदाहरण के लिये अब वनस्पतिशास्त्र (पैलिनोलॉजी/परागकण विज्ञान), जीवविज्ञान, भूगर्भशास्त्र, रसायन शास्त्र (कार्बन डेटिंग C-14 पद्धति) आदि के नियमों का उपयोग पुरातत्व के विश्लेषण में किया जाने लगा है।
अध्ययन के स्रोत के रूप में पुरातत्व में भी विविधता देखी जा सकती है। इनका एक महत्वपूर्ण प्रकार टीलों के रूप में देखा जा सकता है अर्थात प्राचीन लोगों के अवशेष टीलों के रूप में सुरक्षित हैं। और इस प्रकार टीले सम्पूर्ण भारतीय उपमहाद्वीप में देखे जा सकते हैं। इन टीलों का स्वरूप भी अलग-2 है। कुछ टीले एक सांस्कृतिक हैं, कुछ टीलों से एक से अधिक संस्कृतियों की जानकारी प्राप्त होती है। इन टीलों से प्राचीन मानव की आर्थिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं कुछ हद तक राजनैतिक जीवन पर भी प्रकाश पड़ता है।
अभिलेखों का साक्ष्य (Epigraphy)
उसी प्रकार प्राचीन अभिलेख भी एक महत्वपूर्ण पुरातात्विक साक्ष्य हैं (अभिलेखों के अध्ययन को ‘एपीग्राफी’ कहा जाता है)। प्राचीन भारत में ये अभिलेख पत्थर एवं तांबे पर खुदे मिले हैं। इन अभिलेखों में सरकारी एवं निजी अभिलेख दोनों शामिल हैं। भारत में पढ़े जाने वाले सबसे आरम्भिक अभिलेख अशोक से सम्बद्ध हैं। जिन्हें 1837 ई० में सर्वप्रथम जेम्स प्रिंसेप ने पढ़ा था; ये ब्राह्मी, खरोष्ठी, ग्रीक और अरामेइक लिपियों में हैं। अशोक के अभिलेखों से मौर्य साम्राज्य की सीमा, प्रशासन, सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक एवं राजनीतिक नीतियों पर भी प्रकाश पड़ता है।
अशोक के बाद के अभिलेख राजप्रशस्ती के रूप में तथा ताम्रपत्र के रूप में मिलते हैं। राजप्रशस्ती का आरम्भिक उदाहरण:
- खारवेल का हाथीगुम्फा अभिलेख (उड़ीसा, जिसमें ‘भारतवर्ष’ का प्रथम उल्लेख और नहर निर्माण की चर्चा है)।
- रुद्रदामन का जूनागढ़ अभिलेख (150 ई०, विशुद्ध संस्कृत भाषा का पहला बड़ा अभिलेख, जिससे सुदर्शन झील के जीर्णोद्धार की जानकारी मिलती है)।
- गौतमीपुत्र श्री शातकर्णी का नासिक अभिलेख (गौतमी बलश्री द्वारा उत्कीर्ण)।
- समुद्रगुप्त का प्रयाग प्रशस्ति (हरिषेण कृत चम्पू काव्य शैली में)।
- पाल शासक सेन शासक विजयसेन का देवपाड़ा अभिलेख (रचयिता उमापतिधर) सबको इन सब में शामिल किया जाना चाहिए।
इन अभिलेखों से राज्यविस्तार के अतिरिक्त सामाजिक, सांस्कृतिक गतिविधियों की भी जानकारी मिलती है। इसी प्रकार पूर्वमध्यकाल के ताम्रपत्रों से राजनैतिक गतिविधियों के साथ-2 सामाजिक, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं भूमिदान अग्रहार की सूचना प्राप्त होती है। राजकीय अभिलेख के अतिरिक्त निजी अभिलेख भी इतिहास के अध्ययन के महत्वपूर्ण स्रोत रहे हैं। ये अभिलेख मन्दिरों पर या मूर्तियों पर खुदे मिलते हैं तथा इन अभिलेखों से तात्कालिक धार्मिक विश्वास पर प्रभाव (प्रकाश) पड़ता है (जैसे बेसनगर/विदिशा का गरुड़ध्वज अभिलेख, जिससे यवन राजदूत हेलियोडोरस द्वारा भागवत धर्म अपनाने का साक्ष्य मिलता है)।
मुद्राशास्त्र: प्राचीन सिक्कों का योगदान (Numismatics)
पुरातात्विक स्रोतों का एक महत्वपूर्ण भाग प्राचीन सिक्कों के रूप में मिलता है। सिक्कों के अध्ययन को ‘न्यूमिस्मैटिक्स‘ कहते हैं। भारतीय उपमहाद्वीप में सिक्कों के आरम्भिक पुरातात्विक साक्ष्य आहत सिक्कों (पंचमार्क सिक्के – अधिकांशतः चांदी व तांबे के, जिन पर ठप्पा मारकर चिन्ह बनाए जाते थे) के रूप में प्राप्त होते हैं। इन सिक्कों से तात्कालिक आर्थिक एवं सामाजिक-सांस्कृतिक जीवन पर प्रभाव पड़ता है। तात्कालिक राजनीतिक जीवन पर कम प्रभाव पड़ता है क्योंकि उन पर किसी भी राजा का नाम खुदा हुआ नहीं मिलता।
अतः इन्डोग्रीक शासक पहले ये शासक थे जिन्होंने शासकों के नाम व चित्र/प्रतिमा पर सिक्के जारी किये। तत्पश्चात सिक्कों से राजनीतिक जीवन की जानकारी प्राप्त होने लगी। उदाहरण के लिये इन्डोग्रीक शासकों की पूरी वंशावली सिक्कों के आधार पर ही स्पष्ट की गयी है। पुरातत्व के महत्वपूर्ण भाग के रूप में मुद्राशास्त्र को वैज्ञानिक पद्धति से स्थापित करने का श्रेय डी० डी० कौशाम्बी को है। उन्होंने सिक्कों के वजन के आधार पर उनकी तिथियां निर्धारित कीं।
प्राचीन सिक्कों से तात्कालिक राजनैतिक, आर्थिक तथा सांस्कृतिक जीवन पर प्रभाव पड़ता है:
- उदाहरण के लिये इन सिक्कों के प्रसार के आधार पर किसी राज्य की सीमा निर्धारित की जा सकती है।
- फिर सिक्कों पर खुदे नाम एवं तिथियों के आधार पर शासकों की वंशावलियों को स्पष्ट किया जा सकता है।
- इसी प्रकार सिक्कों में धातु की मात्रा के आधार पर, साथ ही सिक्कों की उपलब्धता के आधार पर सम्बन्धित राज्य की आर्थिक दशा ज्ञात की जा सकती है। गुप्त शासकों ने सर्वाधिक स्वर्ण सिक्के ‘दीनार’ चलाए, परन्तु स्कन्दगुप्त के समय सिक्कों में मिलावट बढ़ गई जो आर्थिक संकट की परिचायक है।
- इसके अतिरिक्त सिक्कों पर खुदे देवताओं की आकृतियों से तात्कालिक धार्मिक जीवन पर प्रकाश पड़ता है (जैसे समुद्रगुप्त के वीणा-वादन प्रकार के सिक्के उसकी संगीत-प्रियता तथा अश्वमेध प्रकार के सिक्के उसके साम्राज्य विस्तार को दर्शाते हैं)।
- अन्त में, सिक्कों की बनावट धातु विज्ञान के विकास को दर्शाती है।
मृद्भाण्ड एवं स्मारक (Pottery and Monuments)
प्राचीन भारत के अध्ययन के पुरातात्विक स्रोतों में मृद्भाण्डों का भी विशेष महत्व है। मृद्भाण्डों को ‘पुरातत्व की वर्णमाला‘ कहा जाता है। वस्तुतः मृद्भाण्डों के प्रकार के आधार पर संस्कृतियों के प्रकार भी निर्धारित किये जाते हैं। उदाहरण के लिये गंगा-यमुना दोआब क्षेत्र में यह स्थापित किया गया कि गैरिक मृद्भाण्ड (OCP – Ochre Coloured Pottery)], काले एवं लाल मृद्भाण्ड (BRW – Black and Red Ware)], चित्रित धूसर मृद्भाण्ड (PGW – वैदिक काल) तथा उत्तरी काले चमकीले मृद्भाण्ड (NBPW – मौर्य काल व द्वितीय नगरीकरण) का प्रयोग करने वाले अलग-2 संस्कृति के लोग थे।
उसी प्रकार प्राचीन स्मारक एवं भवन भी पुरातात्विक स्रोतों के रूप में स्थापित हैं। इनसे तात्कालिक स्थापत्य (नागर, द्रविड़ और वेसर शैलियों), कला एवं धार्मिक मान्यताओं की सूचना प्राप्त होती है।
पुरातात्विक स्रोतों की सीमाएँ (Limitations of Archaeological Sources)
परन्तु सूक्ष्म अवलोकन के बाद यह ज्ञात होता है कि इन पुरातात्विक स्रोतों की अपनी सीमायें भी हैं:
- प्रथम, यद्यपि इनका स्वरूप वस्तुनिष्ठ होता है, परन्तु इनके आधार पर लिये गये निष्कर्ष व्यक्तिनिष्ठ ही होते हैं (पुरातत्वविद अपनी समझ के आधार पर व्याख्या करता है)।
- दूसरे, राजकीय अभिलेख जो राजप्रशस्ती के रूप में लिखे गये हैं वे राजकीय प्रचार के माध्यम होते हैं, अतः इनसे तथ्यों की वास्तविक जानकारी प्राप्त नहीं हो पाती अर्थात् इनमें शासकों की पराजयों को छिपा दिया जाता है।
- उसी प्रकार पुरातात्विक स्रोतों की प्रमाणिकता पर भी कहीं-2 प्रश्न चिन्ह नजर आता है, क्योंकि यहाँ भी मानवीय हस्तक्षेप का दृष्टांत मिलता है। उदाहरण के लिये अशोक के बहुत से अभिलेख अपने मूल स्थानों से हटा दिये गये हैं (जैसे फिरोजशाह तुगलक द्वारा तोपरा और मेरठ के स्तंभों को दिल्ली ले जाया जाना)।
- इसी प्रकार हड़प्पा की कई संरचनायें नष्ट हो गयी हैं क्योंकि उनकी ईंटे चोरों एवं रेलवे ठेकेदारों द्वारा उठाकर ले जायी गयीं।
- इसके अतिरिक्त भारत में की जाने वाली पुरातात्विक खुदाई की सबसे बड़ी सीमा यह है कि यहाँ क्षैतिज खुदाई के बदले लम्बवत खुदाई पर बल दिया गया है। लम्बवत (Vertical) खुदाई से हमें किसी संस्कृति के काल क्रम की सूचना तो प्राप्त होती है, उस संस्कृति के जीवन की व्यापक झांकी प्राप्त नहीं होती और क्षैतिज (Horizontal) खुदाई खर्चीली है इसलिए सीमित रूप से इसका प्रयोग हुआ है।
निष्कर्ष
सच तो यह है कि प्राचीन भारत के इतिहास को पूरी तरह समझने के लिए हम आँख मूंदकर किसी एक ही स्रोत के भरोसे नहीं बैठ सकते। पुरानी किताबें और ग्रंथ जहाँ हमें उस ज़माने के समाज, धर्म और लोगों की सोच के करीब ले जाते हैं, वहीं सिक्के, शिलालेख और खुदाई में मिली चीजें इन दावों को एक ठोस तारीख और वैज्ञानिक आधार देती हैं। यह भी सच है कि दोनों ही रास्तों की अपनी कुछ कमियाँ (सीमाएँ) हैं; ग्रंथों में जहाँ बाद की मिलावट या लिखने वाले का अपना पक्ष आड़े आ जाता है, वहीं खुदाई में मिली चीजों का मतलब निकालने में अलग-अलग इतिहासकारों की राय बदल जाती है। इसलिए इतिहास को बिल्कुल निष्पक्ष होकर समझने का एक ही सही तरीका है—किताबों में लिखी बातों को जमीन से मिले सबूतों की कसौटी पर परखा जाए, और जहाँ पुरातत्व खामोश हो, वहाँ साहित्य के जरिए समाज की धड़कन को महसूस किया जाए। जब इन दोनों माध्यमों का यह बेहतरीन तालमेल होता है, तभी प्राचीन भारत का एक सच्चा और मुकम्मल इतिहास हमारे सामने आता है।
प्रामाणिक संदर्भ पुस्तकें एवं अध्ययन स्रोत
- शर्मा, रामशरण (2005) प्राचीन भारत का इतिहास, राजकमल प्रकाशन, नई दिल्ली।
- मूल NCERT संस्करण: 1990, राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद, नई दिल्ली
- थापर, रोमिला (1999) प्राचीन भारत का सामाजिक इतिहास, ओरिएंट ब्लैकस्वान, नई दिल्ली।
- श्रीवास्तव, के. सी. (2018) प्राचीन भारत का इतिहास तथा संस्कृति, यूनाइटेड बुक डिपो, प्रयागराज।
- झा, डी. एन. एवं श्रीमाली, के. एम. (1990) प्राचीन भारत का इतिहास, हिंदी माध्यम कार्यान्वयन निदेशालय, दिल्ली विश्वविद्यालय, दिल्ली।
- कौशाम्बी, डी. डी. (1956) एन इंट्रोडक्शन टू द स्टडी ऑफ इंडियन हिस्ट्री, पॉपुलर प्रकाशन, मुंबई।
“टिप्पणी: इस पेज पर नीचे भाषा बदलने का बटन मौजूद है। उस पर क्लिक करके आप इस आर्टिकल को अपनी पसंद की भाषा (20 भाषाओं) में पढ़ सकते हैं। |Tip: The Language Switcher button is available at the bottom of this page. Click on it to read this article in your preferred language (20 languages).”

Dr. Om Prakash Singh
Assistant Professor & Head, Department of History
Constituent Government College, Thakurdwara, Moradabad (U.P)
इतिहास विषय के नोट्स और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए हमारे फेसबुक ग्रुप से जुड़ें:
Join Facebook Group