सिकन्दर का भारत आक्रमण: कारण, प्रभाव एवं ऐतिहासिक समीक्षा

प्राचीन भारतीय इतिहास में सिकन्दर का भारत आक्रमण , (Alexander Invasion of India) अक्सर एक युगांतरकारी राजनीतिक और सांस्कृतिक परिघटना की तरह देखा जाता है। 326 ई.पू. में झेलम तट पर लड़े गए, प्रसिद्ध हाइडेस्पीज के संघर्ष से लेकर पश्चिमोत्तर भारत में यवन बस्तियों की स्थापना तक , सिकन्दर के इस सैनिक अभियान ने सिर्फ भारत के राजनीतिक क्षितिज को ही नहीं, बल्कि मौर्य साम्राज्य के उदय और गांधार कला के विकास की कुछ ठोस पृष्ठभूमि , भी तैयार की।

ऐतिहासिक विश्लेषण और प्रामाणिक तथ्यों से परिपूर्ण ये स्टडी सामग्री, विश्वविद्यालयी स्तर के छात्रों के साथसाथ उच्चस्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं—जैसे UPHESC Assistant Professor , UGC NET (इतिहास), UPSC सिविल सेवा, राज्य लोक सेवा आयोग (UPPSC) तथा TGT/PGT—के पाठ्यक्रम और परीक्षा-पैटर्न के अनुकूल पूरी तरह खरी उतरती है, और मुख्य परीक्षा , वस्तुनिष्ठ प्रश्नों के लिए ये काफ़ी ज्यादा उपयोगी है।

Question:- सिकन्दर के आक्रमण के कारण एवं उसके प्रभाव की समीक्षा कीजिए।

Ans:- प्राचीन भारतीय इतिहास में ईसा पूर्व चौथी शताब्दी का कालखण्ड राजनीतिक उथल-पुथल एवं युगांतरकारी परिवर्तनों का साक्षी रहा है। पश्चिमोत्तर भारत में जब कोई सुदृढ़ केन्द्रीय सत्ता विद्यमान नहीं थी, उसी संक्रमण काल में 326 ई.पू. में मकदूनियाई विजेता सिकन्दर का प्रवेश भारत की सीमा पर हुआ। सिकन्दर का भारतीय आक्रमण किसी आकस्मात या अप्रत्याशित घटना का प्रतिफल तो नहीं था, बल्कि यह सिकन्दर की सुदूर पूर्व तक साम्राज्य विस्तार की दीर्घकालिक योजना, यूनानी-ईरानी प्रतिद्वंद्विता तथा तत्कालीन भारतीय परिस्थितियों का सुनियोजित परिणाम था। परन्तु यह आवश्यक है कि उसके पीछे निम्नलिखित अनेक कारण मौजूद थे; जैसे—

Table of Contents

सिकन्दर के भारत आक्रमण के प्रमुख कारण

1. विश्व-विजय की महत्वाकांक्षा एवं हखामनी साम्राज्य का पतन

पिता फिलिप II द्वारा विश्व विजय का स्वप्न दिखाने के बाद 20 वर्षीय मकदुनियाई शासक / सम्राट ने (फिलिप द्वितीय की हत्या के बाद 336 ई.पू. में सिकन्दर 20 वर्ष की आयु में मकदूनिया/मेसीडोनिया का राजा बना) एशिया माइनर, भू-मध्य सागरीय देश, मिस्र एवं फोनेशिया को परास्त किया, परन्तु उसकी असली अभिलाषा अर्बेला या गौगामेला का युद्ध – 331 ई.पू. में हखामनी वंश के शासक डेरियस तृतीय (दारा तृतीय) की पराजय के बाद होती है। और उसके द्वारा इसके हृदय ने अपने अंदर विश्व विजय की जो लालसा जगायी थी, उसी का प्रतिफल भारतीय आक्रमण था।

2. पश्चिमोत्तर भारत की राजनीतिक दुर्बलता एवं आपसी फूट

सिकन्दर के इस भारतीय आक्रमण के पीछे तत्कालीन उ० प० सीमान्त प्रान्त की राजनीतिक स्थिति जिम्मेदार थी, क्योंकि इस समय का भारत 28 छोटे-2 राजतंत्रों एवं गणतंत्रों में बंटा था (इसमें अश्वक, मल्ल, क्षुद्रक, कठ, शिवि जैसे प्रमुख गणराज्य शामिल थे), और प्रत्येक एक-दूसरे को नीचा दिखाने में प्रयत्नशील था अर्थात् संपूर्ण पश्चिमोत्तर भारत में राजनीतिक एकता और किसी एक केन्द्रीय सत्ता का पूर्ण अभाव था। इसके अतिरिक्त कुछ शासकों जैसे तक्षशीला के शासक आम्भी और केकय प्रदेश ( झेलम और चिनाब नदी के मध्य का क्षेत्र) के शासक पोरस ( राजा पुरु) के बीच जो मतभेद उत्पन्न हुआ था, उसी मतभेद के परिणामस्वरूप आम्भी ने पोरस को नीचा दिखाने के लिये बल्ख या निकैया में सिकन्दर को भारत पर आक्रमण करने के लिये आमंत्रित किया था। आम्भी को भारतीय इतिहास का प्रथम देशद्रोही शासक भी माना जाता है जिसने बिना लड़े सिकन्दर के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया था।

3. भारत की अपार धन-सम्पदा एवं आर्थिक आकर्षण

उपर्युक्त परिस्थितियों के अतिरिक्त धन प्राप्ति की इच्छा ही भी सिकन्दर के आक्रमण की प्रेरणादायक थी, क्योंकि तत्कालीन भारत ‘सोने की चिड़िया’ के नाम से प्रसिद्ध था एवं हेरोडोटस के विवरणों से यह ज्ञात था कि ईरान के हखामनी साम्राज्य को सबसे अधिक राजस्व (360 टैलेंट स्वर्ण धूल) भारत के 20 वें प्रांत/सत्रपी से ही प्राप्त होता था], और इस पर अधिकार करके ही वैभव को जुटाया जा सकता था और इस वैभव के द्वारा यूनान में आर्थिक कायाकल्प किया जा सकता था।

4. नवीन भौगोलिक मार्गों एवं व्यापारिक विस्तार की लालसा

भौगोलिक खोज की इच्छा भी सिकन्दर के आक्रमण के लिये एक अन्य महत्वपूर्ण कारक था, क्योंकि ईरान के हखामनी वंश के शासकों की समृद्धि का कारण ये भौगोलिक खोज ही थे (डेरियस प्रथम ने 512 ई.पू. में स्काइलैक्स नामक नाविक को सिन्धु नदी के मार्ग की खोज के लिए भेजा था)। यही कारण है कि सिकन्दर ने सिन्ध के मुहाने पर पहुंचकर अपने जल बेड़ा के सेनापति निर्याकस को सिन्ध एवं फरात के बीच विभिन्न बन्दरगाहों को तलाशने का निर्देश दिया था। निर्याकस की इसी खोज का परिणाम यह हुआ कि भारत एवं यूनान के बीच तीन स्थलीय मार्ग एवं एक जल मार्ग की खोज कि गयी, इन मार्गों से यूनान और भारत के मध्य रिश्ते व्यापारिक एवं सांस्कृतिक आवागमन को प्रारम्भ किया था। उसी के परिणामस्वरूप अफगानिस्तान में बैक्टीरिया नामक महत्वपूर्ण आर्थिक एवं सांस्कृतिक केन्द्र की स्थापना हुई।

सिकन्दर का भारत अभियान एवं वापसी

उपर्युक्त कारणों ने ही सिकन्दर को भारत पर आक्रमण करने के लिये प्रेरित किया था। सिकन्दर 326 ई.पू. के वसंत में हिन्दुकुश पर्वत पार कर भारत की सीमा में प्रविष्ट हुआ। इस अभियान का प्रारम्भ उसने निकैया नगर से प्रारम्भ किया था और अपनी सेना को दो भागों में बांट दिया। प्रथम भाग का नेतृत्व हेफीस्टियन तथा पर्दिकास ने किया था, और खैबर दर्रे को पार करते हुए ये पेशावर में पहुंचे। दूसरी सैन्य टुकड़ी का नेतृत्व सिकन्दर ने स्वयं किया था, परन्तु मार्ग में उसे अश्मकों ( अस्सकेनोई / अश्वक जाति) के विद्रोह का सामना करना पड़ा (अश्मकों की राजधानी ‘मस्सग’ थी; जहाँ पुरुषों के मारे जाने के बाद वीरांगना स्त्रियों ने शस्त्र उठाकर सिकन्दर का मुकाबला किया था)। लेकिन नीसा राज्य द्वारा सम्मान किये जाने के कारण उसमें आगे बढ़ने की लालसा पुनः बढ़ी, और इसी लालसा के कारण 326 BC में उसने पोरस के साथ ‘हाइडस्पेस का प्रसिद्ध युद्ध’ लड़ा (जिसे झेलम का युद्ध अथवा वितस्ता का युद्ध भी कहते थे)। इस युद्ध में पोरस की वीरता से प्रभावित होकर सिकन्दर ने उसका राज्य वापस लौटा दिया तथा अतिरिक्त क्षेत्र भी प्रदान किया।

परन्तु स्वयं में सेना में बढ़ते हुए असंतोष, थकावट, घर से अत्यधिक दूरी, अपने सगे-सम्बन्धियों को मरते हुए एवं अपंग देखकर तथा व्यास (विपाशा) नदी के पार मगध के शक्तिशाली नन्द वंश के शासक धनानन्द की विशाल चतुरंगिणी सेना के भय से सेना ने वापस लौटने का निश्चय किया (सेनापति कोइनोस के समझाने पर सेना ने व्यास नदी पार करने से स्पष्ट इनकार कर दिया)  सिकन्दर भारत में 19 महीने तक निवास किया था (326 ई.पू. से 325 ई.पू. तक कुल 19 महीने), परन्तु 19 महीने तक वह लगातार युद्ध में फंसा रहा। वापसी मार्ग में मालव गणराज्य से लड़ते हुए सिकन्दर गम्भीर रूप से घायल भी हुआ था।

यही कारण है कि विंसेंट स्मिथ जैसे विद्वान का कहना है कि भारत पर उसका कोई प्रभाव नहीं पड़ा, क्योंकि वह आँधी की तरह आया था और वायु की तरह चला गया। और इस आँधी के गुजरने के बाद भारत के धैर्यवान कृषकों एवं बैलों ने अपने परिश्रम द्वारा यहाँ के उजड़े खेतों को पुनः हरा-भरा कर दिया (विंसेंट स्मिथ का कथन: “India remained largely untouched by the storm; she continued her sleep”)।

परन्तु इसके विरोध में प्रोफेसर H.P. शास्त्री का कहना है कि सिकन्दर के आक्रमण का भारत पर स्थायी प्रभाव पड़ा। इन दोनों ही इतिहासकारों के विरोधाभासी वक्तव्यों पर तर्कसंगत चिंतन करने के बाद हम इस निष्कर्ष पर पहुँचते हैं कि यूनानी लोग भारत का यूनानीकरण करने में अवश्य ही असफल रहे, परन्तु उनके प्रभाव को झुठलाया नहीं जा सकता।

सिकन्दर के आक्रमण का भारत पर प्रभाव

भले ही सैन्य नज़रिए से देखें तो सिकन्दर का भारत पर हमला बहुत कम समय के लिए था, लेकिन इसने इस उपमहाद्वीप में सदियों से चली आ रही राजनीतिक सुस्ती को पूरी तरह खत्म कर दिया और बड़े बदलावों का रास्ता साफ किया। इसका असर सिर्फ राज्यों की राजनीतिक सीमाओं तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि व्यापार के नए रास्तों, इतिहास की तारीखों को सही से तय करने, सेना के गठन और गांधार कला व संस्कृति के क्षेत्र में भी साफ तौर पर दिखाई दिया।

इतिहासकारों का मानना है कि इसके आगे चलकर जो बड़े प्रभाव पड़े, वे कुछ इस तरह हैं—

1. राजनीतिक प्रभाव (केन्द्रीकरण एवं मौर्य साम्राज्य की नींव)

सीमावर्ती राज्यों की राजनीतिक स्थिति में परिवर्तन आया और भारत में अनेकता के स्थान पर एकता स्थापित करने पर बल दिया गया, जिसके परिणामस्वरूप चन्द्रगुप्त मौर्य एवं चाणक्य ने छोटे-छोटे बंटे हुए पश्चिमोत्तर राज्यों को समाप्त कर प्रथम बार एकीकृत भारत का निर्माण किया था प्लूटार्क एवं जस्टिन के अनुसार चन्द्रगुप्त मौर्य ने पश्चिमोत्तर भारत से यूनानी दासों/प्रशासकों को खदेड़कर मुक्तिदाता की उपाधि पाई थी।

2. आर्थिक एवं व्यापारिक प्रभाव (नवीन बस्तियाँ व मार्ग)

भारत में यवन बस्तियों की स्थापना भी इसी आक्रमण का प्रतिफल थी। ये बस्तियां निम्नलिखित हैं— काबुल में अपनी विजय के प्रतीक के रूप में सिकन्दर ने सिकन्दरिया की स्थापना किया था। इसके अतिरिक्त झेलम के युद्ध के बाद उसने अपने मृतक घोड़े के नाम पर ‘बुकेफला’ (बाउकेफला) शहर की स्थापना किया था तथा पोरस पर विजय की स्मृति में झेलम तट पर ‘निकैया‘ (विजयनगर) बसाया। और यही वे यवन बस्तियां हैं जिसने यूनानी व्यापारियों को व्यापार के दौरान शरण एवं संरक्षण दिया था, जिसके परिणामस्वरूप भारत और यूनान के बीच व्यापारिक सम्पर्क स्थापित हुआ, जो सदैव भारत के पक्ष में रहा। यही कारण है कि मौर्योत्तर काल में रोमन इतिहासकार प्लिनी (प्लिनी द एल्डर – पहली सदी ईस्वी) ने अपनी रचना Naturalis Historia में प्रतिवर्ष भारी मात्रा में रोमन स्वर्ण और मुद्राएँ (लगभग 5 करोड़ से 10 करोड़ सेस्टर्सेस) केवल भारत से विलास की वस्तुओं (विशेषकर भारतीय रेशम, मलमल और मसालों) को खरीदने में खर्च होने का उल्लेख किया था। जिसका विलाप करते हुए प्लिनी ने लिखा कि भारत हमारे रोम का धन सोख रहा है और देश के जागरूक वर्ग को अत्यधिक बेबसी की स्थिति में रहने के लिये बाध्य किया था।

3. ऐतिहासिक तिथिक्रम एवं नवीन आक्रमणों का मार्ग

सिकन्दर के आक्रमण का अत्यधिक परिणाम भारतीय इतिहास के तिथिक्रम को ज्ञान निर्धारित करने के लिये होता है, क्योंकि इसके पूर्व भारतीय लोग इतिहास लेखन एवं वैज्ञानिक कालक्रम पद्धति से अपरिचित थे (326 ई.पू. का सिकन्दर का आक्रमण भारतीय इतिहास के कालक्रम निर्धारण में पहली निश्चित ‘तिथि-आधारित धुरी’ (Sheet-anchor) बना, जिससे मौर्य वंश की काल-गणना सटीक हो सकी)। परन्तु यूनानी इतिहासकारों (जैसे नियार्कस, ओनेसिक्रिटस और अरिस्टोबुलस) के भारत आने और विवरण देने के कारण ही तत्कालीन भारत की सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक स्थितियों का ज्ञान मिल पाना सम्भावित हुआ। परन्तु इसका दुष्परिणाम यह है कि खैबर दर्रे से विश्व के शेष आक्रमणकारियों को भी परिचय मिला, जिसके कारण मौर्योत्तर काल में हिन्द-यवन (Indo-Greeks),] शक, पह्लव (पार्थियन)] एवं कुषाण जैसी जातियों ने भारत पर आक्रमण किये।

4. सैन्य क्षेत्र पर प्रभाव

सैन्य क्षेत्र में भी सिकन्दर के आक्रमण का प्रभाव पड़ा, क्योंकि उसके आगमन से पूर्व भारत में युद्ध के लिये हाथियों का उपयोग ( मुख्य शक्ति के रूप में) किया जाता था, जिससे हाथियों के बिदक जाने पर अपनी ही सेना में विजय के स्थान पर प्रायः विनाश ही हुआ करता था। अतः भारतीयों ने सिकन्दर के सैन्य अभियान से प्रेरित होकर सेना का यूरोपीयकरण किया, और हाथी के स्थान पर तीव्र गति के घोड़ों एवं सुगठित अश्वारोही सेना (Cavalry) तथा व्यूहरचना (Phalanx Formation)] को सेना में अधिक प्राथमिकता व स्थान दिया गया।

5. धार्मिक एवं सांस्कृतिक समन्वय

इस आक्रमण का प्रभाव धर्म के क्षेत्र में भी हुआ और दोनों ही देशों में मूर्ति पूजा प्रारम्भ हुई। यूनान में अपोलो, हेराक्लीज (Herakles) और एथिना की मूर्तियों का पूजन प्रारम्भ हुआ, तो उत्तर-मौर्य एवं कुषाण काल में अपोलो, हेराक्लीज, एथिना, एवं बुद्ध की मूर्तियों का पूजन प्रारम्भ हुआ, और इन मूर्तियों के चरण चिन्हों पर एवं मुद्राओं (सिक्कों) पर शासकों के नाम, तिथि, उपाधि तथा अभिलेख लिखने की परिपाटी यूनानी प्रभाव ही है (डाई-कास्टिंग तकनीक और द्विभाषी सिक्कों का प्रचलन यवनों की देन था)।

6. भारतीय शिल्पकला एवं गांधार कला का उद्भव

इसके अतिरिक्त भारतीय शिल्पकला के क्षेत्र में इण्डोग्रीक शैली (हिन्द-यवन शैली/गांधार शैली) का विकास हुआ, जिसमें भारतीय आदर्शवाद को यूनानी यथार्थवाद से ढक दिया गया। इस शैली की आत्मा भारतीय थी किन्तु रूप यूनानी/हेलेनिस्टिक था। और मूर्तियों में झीने-2 वस्त्र, पद-पोषण तथा प्रकृति के सत्य को यथार्थ रूप दिया गया, एवं मूर्तियों का यूनानीकरण करते हुए सिर के प्रभाव मण्डल का निर्माण किया गया तथा पैरों में जूते पहनाये गये भगवान बुद्ध की प्रतिमाओं में घुंघराले बाल, मूंछें तथा यूनानी देवता अपोलो जैसी शारीरिक सौष्ठवयुक्त बनावट गांधार शैली की प्रमुख पहचान बनी।

निष्कर्ष

निष्कर्षतः कहा जा सकता है कि सिकन्दर अपने इतने कम समय में भारत का पूर्णतः यूनानीकरण तो नहीं कर सका, बल्कि भारत के कुछ क्षेत्रों में अपने प्रभाव को अवश्य ही छोड़ गया। भले ही सिकन्दर का आक्रमण एक सैन्य उल्कापिंड के समान अल्पकालिक रहा हो, किन्तु इसने भारत को राजनीतिक विखंडन से निकालकर अखंड मौर्य साम्राज्य की स्थापना, पश्चिमोत्तर व्यापारिक मार्गों के विस्तार तथा हेलेनिस्टिक-भारतीय सांस्कृतिक व गांधार कला समन्वय की एक सुदृढ़ ऐतिहासिक पृष्ठभूमि अवश्य प्रदान की।

  1. डॉ. हेमचन्द्र रायचौधरी (H.C. Raychaudhuri) [1923], Political History of Ancient India: From the Accession of Parikshit to the Extinction of the Gupta Dynasty, University of Calcutta, Calcutta – पश्चिमोत्तर गणराज्यों के विघटन, तत्कालीन राजनीतिक दशा एवं सिकन्दर अभियान का प्रामाणिक ऐतिहासिक विवरण।
  2. विंसेंट ए. स्मिथ (Vincent A. Smith) [1904], The Early History of India: From 600 B.C. to the Muhammadan Conquest, Clarendon Press, Oxford (ऑक्सफोर्ड) – सिकन्दर के भारत अभियान की सैन्य समीक्षा और उसका प्रसिद्ध कथन (“वह आँधी की तरह आया और चला गया”)।
  3. डॉ. के.ए. नीलकंठ शास्त्री (K.A. Nilakanta Sastri) [1952], Age of the Nandas and Mauryas, Motilal Banarsidass, Banaras/Delhi – सिकन्दर के आक्रमण के समय उत्तर-पश्चिम सीमांत की स्थिति, यूनानी बस्तियों की स्थापना एवं मौर्य साम्राज्य की पृष्ठभूमि।
  4. डॉ. रामशरण शर्मा (R.S. Sharma) [1990], प्राचीन भारत का इतिहास (India’s Ancient Past), राजकमल प्रकाशन/ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी प्रेस, नई दिल्ली – पश्चिमोत्तर भारत पर आक्रमण के सामाजिक, आर्थिक प्रभाव, नए व्यापारिक मार्ग एवं गांधार कला की पृष्ठभूमि।

 

Dr. Om Prakash Singh, Assistant Professor and Head of History Department at Constituent Government College Thakurdwara

Dr. Om Prakash Singh

Assistant Professor & Head, Department of History

Constituent Government College, Thakurdwara, Moradabad (U.P)

इतिहास विषय के नोट्स और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए हमारे फेसबुक ग्रुप से जुड़ें:

Join Facebook Group
Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top